आखिरकार भाजपा ने विधानसभा प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी. यह सूची कमोवेश वैसी ही है, जैसी पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी. स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति को भांपकर भाजपा ने कानपुर में प्रत्याशियों में किसी तरह का बदलाव नही किया है. बस दो जगह अंतरविरोध को थामने के लिए प्रत्याशियों की अदलाबदली कर दी है. इसमें सीसामऊ से एमएलसी सलिल विश्नोई और आर्यनगर से सुरेश अवस्थी को टिकट दिया गया है.
एमएलसी सलिल विश्नोई को टिकट संघ में तगड़ी पैठ होने के नाते मिलने की चर्चा है. सलिल इसके पहले जनरलगंज और फिर आर्यनगर सीट से विधायक रह चुके हैं. 2017 में वह आर्यनगर में सपा के अमिताभ बाजपेयी से शिकस्त खाए थे. माना जा रहा है कि कुछ दिनों पहले कराए गए सर्वे के बाद भाजपा ने सलिल विश्नोई की आर्यनगर सीट को बदलकर सीसामऊ कर दिया है. इसके अलावा कांग्रेस के आर्यनगर सीट से वैश्य प्रत्याशी को उतारने को भी बड़ी वजह से माना जा रहा है. इसी तरह सीसामऊ से पिछली बार शिकस्त खाए सुरेश अवस्थी को यहां से हटाकर आर्यनगर का उम्मीदवार बनाया है. परमट निवासी सुरेश अवस्थी छात्र राजनीति से होते हुए यहां तक पहु्ंचे है. पिछले विधानसभा चुनावों में सुरेश अवस्थी, सपा के इरफान सोलंकी से मुकाबला हार गए थे.इसके अलावा बिल्हौर सुरक्षित सीट पर भाजपा ने राहुल बच्चा सोनकर को टिकट दिया है. राहुल बच्चा सोनकर, पूर्व पार्षद रहे काला बच्चा के पुत्र हैं. बाकी अन्य विधानसभा में भाजपा ने अपने विधायकों को रिपीट किया है. इसमें कल्याणपुर से राज्यमंत्री नीलिमा कटियार, बिठूर से विधायक अभिजीत सिंह सांगा, गोविंदनगर से विधायक सुरेंद्र मैथानी, किदवईनगर से विधायक महेश त्रिवेदी, कैंट से पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, महराजपुर से कैबिनेट मंत्री सतीश महाना को टिकट दिया गया है. कानपुर देहात में अकबरपुर रनिया सीट से विधायक प्रतिभा शुक्ला, सिकंदरा से अजीत पाल को भाजपा ने टिकट दिया है l
2022-01-21
