कानपुर में कोरेाना का अब तक का सबसे बड़ा हमला हुआ है. सीएमओ की तरफ से जारी की गई रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले 24 घंटे में कानपुर में कोरोना के 863 नए मामले सामने आए हैं. पहली, दूसरी लहर में भी एक दिन में इतने मामले नहीं आए थे. एक साथ इतनी बड़ी संख्या में नए मामले आने से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है. इस बीच, हैलट में भर्ती दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है.
सीएमओ की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को कोरोना के 863 नए मामले सामने आने के साथ ही अब कुल मामलों की संख्या बढ़कर 89,357 हो गई है. कोरोना के एक्टिव केस भी बढ़कर 3550 पर पहुंच गए हैं. हॉटस्पॉट बन चुके आइआइटी और जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में लगातार नए कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है. यहां पर लगातार आ रहे नए मामलों की वजह से हर कोई परेशान है.इस बीच, कानपुर में दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है. यह दोनों संक्रमित मरीज हैलट अस्पताल में भर्ती थे. जिन संक्रमितों की कोरोना से मौत हुई है, उसमें चंद्रिका देवी चौराहा निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग के अलावा हंसपुरम निवासी 58 वर्षीया महिला शामिल हैं. वहीं, शनिवार को 445 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हो गए. इसमें तीन को जहां हैलट से डिस्चार्ज किया गया, वहीं 442 संक्रमित होम आइसोलेशन में ठीक हो गए. शनिवार को 7054 लोगों की कोरोना टेस्टिंग की गई l

2022-01-22
