कानपुर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र गांधी नगर इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक युवक अपने बच्चों के साथ टावर पर चढ़ गया। इस बीच जब लोगों की नजर सनकी पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने टॉवर पर चढ़ने का प्रयास किया तो उसने बच्चों को नीचे फेंकने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे आने को कहा, जिर पर पति ने कहा कि पहले बीबी को बुलवाइए, तभी हम टावर से उतरेंगे। काफी मान मनौव्वल के बाद पुलिस उसे नीचे उतारने में सफल हो सकी।
गांधी नगर के पास राहगीर गुजर रहे थे। इस बीच सड़क किनारे लगे टावर पर एक युवक अपने दो मासूम बच्चों को लेकर चढ़ गया। करीब चालीस फीट की ऊंचाई तक पहुंचने के बाद वह जोर जोर से शोर मचाने लगा, उसकी आवाज सुनकर भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने उसे समझाते हुए नीचे उतरने को कहा तो वह बच्चों को नीचे फेंकने की धमकी देने लगा। इसपर लोग घबरा गए और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई और उससे नीचे उतरने के लिए मान मनौव्वल करने लगी।
करीब आधे घंटे तक उसका हाईवोल्टेज ड्रामा जारी रहा। वह बार बार पत्नी का नाम लेकर वापस लाने की बात कह रहा था। करीब आधे घंटे बाद पुलिस उसे बच्चों के साथ किसी तरह नीचे उतार पाने में सफल हुई। नीचे आने पर उसकी बातें सुनकर लोग सन्न रह गए। युवक ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में एक शोहदा रहता है। वह पत्नी को परेशान करता था। मैंने कईबार पुलिस में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी भी युवक की बातों में आकर बहक गई है। वह छोटे-छोटे मासूम बच्चों को लेकर कहां जाएगा। उसे पत्नी वापस दिलवाई जाए। वहीं दूसरी ओर अकबरपुर पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपित युवक पर शांतिभंग की कार्रवाई की जा चुकी है। अकबरपुर सीओ अरूण कुमार ने बताया कि युवक की समस्या सुनी जा रही है जो भी उचित होगा कार्रवाई होगी।
2022-01-24
