कैंट विधानसभा क्षेत्र के लिए भी उम्मीदवार घोषित कर दिया

कानपुर। काफी जद्दोजहद के बाद आखिरकार समाजवादी पार्टी ने अपनी शेष बची कैंट विधानसभा क्षेत्र के लिए भी उम्मीदवार घोषित कर दिया। एक बार फिर सपा ने पूर्व में इस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके मोहम्मद हसन रूमी पर दांव लगाया है। समाजवादी पार्टी में नगर महासचिव रह चुके रूमी 2012 में सपा के टिकट पर इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं तब यह सीट भाजपा के रघुनन्दन भदौरिया ने जीती थी। जानकारों का कहना है कि ऐनवक्त पर रूमी को टिकट मिलने का कारण लंबे समय से सपा की राजनीति कर रहे परवेज अंसारी का दांव रहा जिन्होंने अपने करीबी महाराष्ट्र में सपा की राजनीति करने वाले अबू आजमी से दबाब डलवाकर रूमी का टिकट कराया। अचानक चले परवेज के दांव से ऐनवक्त पर इस सीट से सपा के सबसे मजबूत दावेदार डा. इमरान तथा पहले से आजमी के संपर्क में रहे इरशाद मलिक चित्त हो गए। इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर निवर्तमान विधायक सुहैल अंसारी व बसपा के टिकट पर पुराने नेता अब्दुल शमी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने एक बार फिर 2017 में चुनाव हारने वाले पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है। बदले परिसीमन में कैंट विधानसभा क्षेत्र को सीसामऊ की तरह मुस्लिम बाहुल्य सीट की तरह जाना जाता है। इस विधानसभा क्षेत्र के करीब तीन लाख नब्बे हजार मतदाता में लगभग पौने दो लाख मतदाता मुस्लिम हैं और इन मुस्लिम मतदाताओं में भी लगभग 90 हजार मतदाता केवल अंसारी बिरादरी के हैं। इसी के चलते 2012 के चुनाव में सपा ने पहले काफी समय तक अंसारी बिरादरी की राजनीति करने वाले परवेज अंसारी को अपना विधानसभा प्रभारी बनाया था लेकिन बाद में दबाब की राजनीति के चलते परवेज को प्रभारी पद से हटाकर मोहम्मद हसन रूमी को मैदान में उतारा गया तब मुस्लिम मतों में बंटवारा हुआ और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रघुनंदन सिंह भदौरिया ने जीत दर्ज कर इस सीट को भारतीय जनता पार्टी के खाते में डाल दिया। इस चुनाव में यहां से सपा के उम्मीदवार मोहम्मद हसन रूमी को करीब 31 हजार वोट प्राप्त हुए थे।
2017 के चुनाव में कांग्रेस-सपा के गठबंधन में यह सीट कांग्रेस के खाते में चली गई और यहां से कांग्रेस ने अंसारी बिरादरी के युवा नेता सुहैल अंसारी को मैदान में उतारा जो सपा की राजनीति करने वाले परवेज अंसारी के करीबी रिश्तेदार भी हैं। पिछले पांच साल के दौरान रघुनंदन सिंह भदौरिया क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपने चुनाव की तैयारी करते रहे। इधर इस सीट से सपा के जिलाध्यक्ष डा. इमरान, उलमा सोलंकी, इरशाद मलिक व महफूज अख्तर आदि ने टिकट का दावा किया। मोहम्मद हसन रूमी पहले से ही टिकट हासिल करने के लिए हाथपैर मार रहे थे। 2017 के चुनाव में अन्य दलों से मजबूत दावेदारी न होने का लाभ यह मिला कि अंसारी बिरादरी के मतदाता एक हो गए और यह सीट लंबे समय बाद कांग्रेस के खाते में गई। सपा की राजनीति से जुड़े जानकार लोगों की मानी जाए तो करीब एक सप्ताह पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कैंट विधानसभा क्षेत्र से सभी दावेदारों को बुलाया था और काफी देर चर्चा करने के बाद डा. इमरान को ट्रस्ट कार्यालय जाकर फार्म बी लेने के लिए कह भी दिया था लेकिन ऐनवक्त पर मोहम्मद हसन रूमी द्वारा जबर्दस्त विरोध करने के चलते डा. इमरान को रोक दिया गया। इसके बाद से इस सीट से टिकट फाइनल नहीं हो सका था। जानकारों का कहना है कि इस बीच मोहम्मद हसन रूमी ने लंबे समय से सपा की राजनीति कर रहे परवेज अंसारी को अपने पक्ष में किया और सुहैल अंसारी के अंसारी बिरादरी में विरोध को आधार बनाकर अपने पक्ष को मजबूती दी। परवेज अंसारी ने भी सुहैल के विरोध में अंसारी बिरादरी के वोट डलवाने की बात कहकर महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय सपा के वरिष्ठ नेता अबू आजमी तक हसन रूमी की बात पहुंचाई और रूमी के टिकट के लिए अपनी प्रतिष्ठा लगा दी। अबू आजमी और परवेज अंसारी के रिश्ते काफी करीबी माने जाते हैं। परवेज अंसारी के इस दांव से बाजी पलट गई और शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने संगठन के वफादार डा. इमरान तथा अन्य दावेदारों को किनारे कर मोहम्मद हसन रूमी को कैंट विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले सपा उम्मीदवार मोहम्मद हसन रूमी ने अपना टिकट फाइनल होने के बाद शनिवार को सोशल मीडिया पर जो अपनी पहली पोस्ट डाली उसमें परवेज की फोटो लगाकर रूमी ने सीधे तौर पर अंसारी बिरादरी के मतदाताओं में सेंधमारी करने का दांव चला। अंसारी बिरादरी में परवेज को काफी प्रमुख माना जाता है। ऐसे में परवेज अंसारी और रूमी की नजदीकियां कांग्रेस प्रत्याशी निवर्तमान विधायक सुहैल अहमद अंसारी को नुकसान पहुंचा सकती हैं। हालांकि डैमैज कंट्रोल के लिए सुहैल अंसारी ने अपनी बिरादरी के लोगों के बीच अपनी बैठकें तेज कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *