टाटमिल चौराहा के पास ई बस दुघर्टना में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए डीएम ने आर्थिक मदद का ऐलान किया है. डीएम ने कहा कि इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को पांच लाख, गंभीर घायलों को एक लाख और सामान्य घायलो को 50 हजार की आर्थिक मदद दी जाएगी.
बस हादसे के बाद पहले तो डीएम नेहा शर्मा देर रात ही हैलट अस्पताल पहुंची. यहांं पर डॉक्टरों ने किसी किस्म की लापरवाही न बरतने और घायलों को समुचित इलाज के निर्देश दिए. इसके बाद एडिशनल सीपी आनंद प्रकाश तिवारी के साथ डीएम फिर से हैलट पहुंची. यहां पर डॉक्टरों ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज दिया जा रहा है. इस दौरान डीएम ने प्रतापगढ़ निवासी घायल जीत लाल एवं कानपुर अहिरवां निवासी सौरव सिंह चौहान से उनका हाल जाना. डीएम ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. डीएम ने बताया कि बस ऑपरेशन प्राइवेट लिमिटेड से बातचीत कर आर्थिक मदद उपलब्ध करायी जाएगी. ड्राइवर के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी.इस बीच, हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को सांत्वना देने के लिए पोस्टमॉर्टम हाउस में नेताओं का तांता लगा रहा. विधानसभा चुनाव लड़ रहे कई प्रत्याशी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए l

2022-01-31
