कानपुर। नामांकन की तारीख समाप्त होने के एक दिन पहले सोमवार को प्रत्याशियों की भीड़ कचहरी में रही। मुख्य रूप से कांग्रेस, सपा और आप के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं शहर के आर्यनगर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी और गोविन्दनगर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र मैथानी ने अपने नामांकन का दूसरा सेट आज दाखिल किया। कैंट विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रघुनंदन भदौरिया ने आज पूरे जोश के साथ कचहरी में अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। इन सबके अला
वा किदवई नगर के कांग्रेस प्रत्याशी अजय कपूर ने आज अपने नामांकन का दूसरा सेट समर्थकों के साथ कचहरी जाकर दाखिल किया। किदवईनगर से ही सपा के नये घोषित उम्मीदवार अभिमन्यु गुप्ता ने अपना दमखम दिखाते हुए अपने समर्थकों के साथ कचहरी में नामांकन भरकर चुनाव अभियान की शुरूआत कर दी।देर से घोषित होने के कारण कांग्रेस के बिल्हौर, बिठूर व घाटमपुर क्षेत्र के प्रत्याशियों ने भी आज ही अपनी प्रत्याशिता के लिए नामांकन भरा। बिल्हौर से कांग्रेस प्रत्याशी ऊषारानी कोरी सुबह ही अपने समर्थक टीम के साथ कचहरी पहुंच गयीं और वहां इन्होंने प्रत्याशिता संबंधी नामांकन की कार्यवाही पूरी की। घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के घोषित उम्मीदवार राजनानारायण कुरील और बिठूर विधानसभा क्षेत्र से इसी दल के प्रत्याशी अशोक कुमार निषाद ने कचहरी में पहुंचकर पूरे जोश के साथ नामांकन प्रक्रिया पूरी की। बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र से ही सपा उम्मीदवार रचना सिंह और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सत्येंद्र कोरी ने भी आज अपना पर्चा भरा। कोरोना गाइडलाइन का पालन कराते हुए जिला प्रशासन ने थोड़ा सख्त रुख दिखाया जिसके चलते प्रत्याशियों के समर्थक नामांकन स्थल से दूर ही रोक दिए गए। अनेक लोगों को मास्क न पहनने को लेकर नोटिस भी जारी कर दिया गया। आज कचहरी में अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई पड़ी। प्रत्याशियों के साथ समर्थकों का हुजूम नदारद रहा। इसका एक कारण शहर से दूर स्थित विधानसभाओं से आए प्रत्याशियों के कारण भी रहा।कैंट विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक सुहैल अंसारी ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन सेट कचहरी में दाखिल किया। पूर्व विधायक सुहैल के साथ कई समर्थक कचहरी तक गए थे लेकिन उन्हें बाहर ही रोक दिया गया। इसके अलावा कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के बसपा उम्मीदवार अरुन मिश्रा ने भी आज अपनी प्रत्याशिता के लिए नामांकन फार्म भरा।गोविन्दनगर विधासभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी करिश्मा ठाकुर भी सोमवार को अपने पति व बच्चे के साथ कचहरी में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंची। इसके पहले कल अपनी प्रत्याशिता के सुनिश्चित होने के बाद करिश्मा आज सुबह सबसे पहले रावतपुर गांव स्थित रामललाल के मंदिर में गईं और वहां उन्होंने भगवान राम से प्रार्थना कर चुनाव में उतरने की शुरूआत की। सजातीय वोटों की अधिकता के कारण रावतपुर गांव का क्षेत्र का करिश्मा ठाकुर के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। गोविन्दनगर से उनका मुख्य मुकाबला भाजपा के निवर्तमान विधायक सुरेंद्र मैथानी से है। दोनों ही प्रत्याशी क्षेत्र में किये गए अपने कामों के आधार पर चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं। सुरेंद्र मैथानी ने भी प्रत्याशिता घोषित होने के बाद भगवान की शरण में जाकर अपने चुनावी अभियान की शुरूआत की।
2022-01-31
