भाई को ट्रक ने रौंदा

फतेहपुर में हृदय विदारक घटना, चचेरी बहन की शादी में जा रहे भाई को ट्रक ने रौंदा
Thu, 01 Jul 2021
कानपुर देहात के दो युवकों की यातायात नियमों की अनदेखी कर फर्राटा भरने की वजह से अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। चचेरी बहन की शादी में जा रहे बाइक सवार भाई को ट्रक ने कुचल दिया। इससे सादगीपूर्ण गमगीन माहौल में बहन की डोली और भाई की अर्थी उठी तो सभी की आंख नम हो गई। उधर, दूसरी घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई।

ट्रक से कुचलकर युवक की मौत, रिश्तेदार जख्मी : कानपुर देहात जिले के प्रहलादपुर थाना भोगनीपुर निवासी इदरीश, रिश्तेदारों के साथ गाजीपुर कस्बा में रहकर कास्मेटिक सामग्री की फेरी लगाते थे। बुधवार को इसकी चचेरी बहन की शादी थी जिस पर वह रिश्तेदार बाबना उत्तरदार के साथ बाइक से कानपुर देहात जा रहे थे। तभी शहर के जेल रोड के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे इदरीश की मौके पर मौत हो गई और रिश्तेदार बाबना जख्मी हो गया। भाई गिरीश ने बताया कि गमगीन मौहाल में शादी होने के बाद गुरुवार को चचेरी बहन गोमती को ससुरालीजन ससुराल बलियापुर थाना डेरापुर, कानपुर देहात से विदा करा ले गए। शव के पोस्टमार्टम बाद भाई इदरीश के शव का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे से मां भागवती व पिता झुर्री बेहाल रहे।

घर आ रहे बाइक सवार को गाड़ी ने कुचला : बकेवर थाने के भटपुरवा गांव निवासी अरुण मिश्रा देर रात चौडगरा गए थे। वहां से वह बाइक से घर आ रहा था कि कल्यानपुर थाने के पहुर के समीप अज्ञात गाड़ी ने टक्कर मार दी। चौडगरा चौकी प्रभारी नीरज कुशवाहा घायल को गोपालगंज पीएचसी लेकर गए जहां से उसे एंबुलेंस जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में अरुण ने दम तोड़ दिया। दिवंगत के पिता रामप्रसाद मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में एफआइआर दर्ज कर ली है। एसओ केशव वर्मा का कहना था कि अज्ञात गाड़ी का सुराग लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *