‘‘देश की एकता और भाईचारे की रक्षा के लिये मताधिकार का प्रयोग ज़रूरी’’

जमीअत उलमा शहर कानपुर द्वारा रेल बाज़ार में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई

कानपुर :- जमीअत उलमा शहर कानपुर के जे़ेरे एहतमाम प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना अमीनुल हक़ अब्दुल्लाह क़ासमी के नेतृत्व में रेल बाज़ार में मतदाता जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को मताधिकार के प्रयोग के लिये जागरूक किया गया। इस अवसर पर मौलाना अमीनुल हक़ अब्दुल्लाह क़ासमी ने कहा कि हम तय करें कि हम सब मिल कर शत प्रतिशत मतदान करेंगे। सुबह नाश्ते से भी पहले अपने घर वालों, मित्रों व सम्बन्धियांं के साथ मतदान के लिये जायें, इसके बाद फिर अपना कोई दूसरा काम करें। रैली में शरीक रहे जमीअत उलमा शहर के उपाध्यक्ष मौलाना मुहम्मद अकरम जामई ने कहा कि आने वाली 20 फरवरी को अपने सारे काम-काज छोड़कर पहली फुर्सत में मतदान के लिये जाने का काम करें, और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। मताधिकार हमारा संवैधानिक अधिकार है जो लोकतंत्र और देशहित के लिये बेहद ज़रूरी है। हमारा एक-एक मत बेहद महत्वपूर्ण और क़ीमती है। नगर उपाध्यक्ष मौलाना नूरूद्दीन अहमद क़ासमी ने कहा कि हमारे लोकतांत्रिक देश ने हमें जो अधिकार दिया है, हम अपने इस अधिकार का प्रयोग अवश्य करें और देश की एकता, भाईचारे की सलामती के लिये आने वाली 20 फरवरी को अपने तमाम कामों को आगे-पीछे करके प्राथमिकता देते हुए खुद आप, आपके घर के व्यस्क बच्चे, महिलायें और बुजुर्ग यानि सभी लोग शत्प्रतिशत मतदान करें। वरना हो सकता है कि हमें बाद में अफसोस करना पड़े और उस वक़्त कुछ नहीं हो सकता। रैली में जमीअत उलमा शहर कानपुर के सचिव मौलाना मुहम्मद अक़ील जामई, क़ारी मुजीबुल्लाह इरफानी, मुफ्ती मुहम्मद सईद खां क़ासमी, हाफिज़ मुहम्मद रिज़वान मक्की के अलावा बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *