जमीअत उलेमा कानपुर नगर द्वारा आयोजित होने वाले
तीन दिवसीय भव्य इज्लास मेराजुन्नबी 25,26,27 फरवरी को, तैयारियां मुकम्मल
प्रेस वार्ता द्वारा उलमा ए किराम की अवाम से शिर्कत की अपील
कानपुरः-. जमीअत उलमा शहर कानपुर की एक प्रेस वार्ता प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना अमीनुल हक़ अब्दुल्लाह क़ासमी की अध्यक्षता में कार्यालय जमीअत बिल्डिंग रजबी रोड में आयोजित हुई। इस अवसर पर मौलाना अमीनुल हक़ अब्दुल्लाह क़ासमी ने उपस्थित समस्त पत्रकारबंधुओं से बात करते हुए कहा कि अहले ईमान (मुसलमान) अल्लाह और नबी स0अ0व0 की बात पर पूरा यक़ीन रखते हैं। इंसानी अक़्ल अल्लाह ही की बनाई हुई है। अल्लाह और नबी स0अ0व0 की कोई बात और शरीअत का कोई हुक्म अक़्ल के खिलाफ नहीं है। लेकिन कुछ नाम निहाद अक़्ल का दावा करने वाले इस्लाम को अपनी छोटी अक़्ल पर परखने की कोशिश करते हैं और धोखा खाते हैं। हज़रत मुहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का ऐतिहासिक सफर ‘‘मेराज’’ कुरआन व हदीस के दलायल से साबितशुदा है लेकिन कुछ अक़्लपरस्त लोग संदेह पैदा करने की कोशिश करते हैं, उनके संदेहों को दूर करने, ग़लतफहमियों को खत्म करने और कुरआन व सुन्नत और आसारे सहाबा से इस वाक़िये को साबित करने के लिये जमीअत उलमा शहर कानपुर की जानिब से पिछले एक सदी से तीन दिवसीय इज्लास मेराजुन्नबी स0अ0व0 रजब के महीने में आयोजित किये जाते हैं। पिछली परम्परओं को बरक़रार रखते हुए इस साल यह जलसे 25, 26 और 27 फरवरी दिन जुमा, सनीचर , इतवार शहर के प्रसिद्ध मैदान रजबी ग्राउण्ड परेड में आयोजित हो रहे हैं। मौलाना अमीनुल हक़ अब्दुल्लाह क़ासमी ने बताया कि जमीअत उलमा द्वारा आयोजित किये जाने वाले यह इज्लास कानपुर शहर की परम्पराओं में विशेष पहचान रखते हैं और माहे रजब में होने वाले इस तीन दिवसीय इज्लास मेराजुन्नबी स0अ0व0 की वजह से परेड ग्राउण्ड को रजबी ग्राउण्ड कहा जातो है। मौलाना ने बताया कि इज्लास में दारूल उलूम देवबन्द के के नायब मोहतमिम मौलाना मुफ्ती मुहम्मद राशिद साहब आज़मी, जमीअत उलमा ज़िला लखीमपुर के अध्यक्ष मौलाना इस्लामुल हक़ अस्जद साहब क़ासमी, मदरसा जलीलिया जरवल बहराइच के उस्तादे हदीस मौलाना मुफ्ती महफूजुर्रहमान साहब क़ासमी, इमारते शरिया हिन्द के संचालक मुफ्ती असदुद्दीन साहब क़ासमी, जामा मस्जिद लाल बंगला के इमाम मौलाना खलील अहमद मज़ाहिरी तश्रीफ ला रहे हैं। तीन दिवसीय इज्लास के आखिरी दिन 27 फरवरी को 2.30 बजे दिन में महिलाओं का विशेष जलसा ‘‘बच्चों की दीनी तालीम व तरबियत और महिलाओं की ज़िम्मेदारियां’’ के शीर्षक से होगा जिसमें पर्दे की विशेष व्यवस्था रहेगी, इसी दिन बाद नमाज़ इशा मुजाहिद हस्नैन हबीबी को निज़ामत में मुशायरा नात व मद्हे सहाबा आयोजित किया जायेगा। जिसमें डा.शमीम रामपुरी, नदीम नैयर कानपुरी, यक़ीन फैज़ाबादी, कलीम तारिक़ सैयदनपुरी, अशफाक़ बहरायची, फारुक़ आदिल लखनवी, मुफ्ती तारिक़ जमील क़न्नौज, फहीम पिहानवी के अलावा शहर व बैरूने शहर के मक़बूल शायर हज़रात शिर्कत फरमायेंगे। मौलाना अब्दुल्लाह क़ासमी के साथ मौजूद समस्त उलमा ए किराम ने इस प्रेस वार्ता के द्वारा अपील की है कि सभी लोग खुद भी शिर्कत फरमायें और महिलाओं के जलसे में अपने घरों की महिलाओं को ज़रूर भेजें। उलमा ए किराम ने कहा कि दीनी माहौल को बेहतर बनाने में महिलाओं की बड़ी भूमिका होती है। इस हक़ीक़त को समझें और अपने बच्चों की बेहतरीन तरबियत के लिये ख्वातीन को जागरूक करें। महिलाओं को दीनी बातों से वाक़िफ कराना वक़्त का अहम तक़ाज़ा है। नगर अध्यक्ष डा. हलीमुल्लाह खां ने बताया कि इज्लास की तैयारियों के लिये क़ायम राब्ता अवाम कमेटी, राब्ता उलमा कमेटी, मालियाती कमेटी और पण्डाल कमेटी सब अपने-अपने कामों में लगे हुए हैं और तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने इज्लास को कामयाब बनाने के लिये बड़ी संख्या में लोगों से अपने दोस्त , रिश्तेदारों के साथ शिर्कत करने और वक़्त का ख्याल रखने की अपील की है। प्रेस कान्फेंस में मौलाना अमीनुल हक़ अब्दुल्लाह क़ासमी और डा. हलीमुल्लाह खां के साथ नगर उपाध्यक्ष मौलाना नूरूद्दीन अहमद क़ासमी, मौलाना मुहम्मद अकरम जामई, मौलाना मुहम्मद अनीस खां क़ासमी, वरिष्ठ सचिव जुबैर अहमद फारूक़ी, हामिद अली अंसारी, क़ारी अब्दुल मुईद चौधरी, मौलाना अंसार अहमद जामई, मुफ्ती इज़हार मुकर्रम क़ासमी, मुफ्ती अब्दुर्रशीद क़ासमी मौजूद रहे।
