करोड़ों की टैक्स चोरी में फरार पूर्व आबकारी निरीक्षक गिरफ्तार

यूपी: करोड़ों की टैक्स चोरी में फरार पूर्व आबकारी निरीक्षक गिरफ्तार, एसटीएफ ने उठाया

उन्नाव जिले में सहारनपुर के टपरी स्थित डिस्टलरी हाउस से एक ही बिल्टी (रसीद) पर करोड़ों का टैक्स चोरी कर वाहनों को गोदाम तक पहुंचाने के मामले में आरोपी पूर्व आबकारी निरीक्षक को लखनऊ एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ उसे लेकर लखनऊ चली गई।

एसटीएफ लखनऊ ने तीन मार्च 2021 को शहर के मोतीनगर स्थित देसी शराब के गोदाम में छापा मारा था। वहां सहारनपुर के टपरी स्थित डिस्टलरी हाउस से टैक्स चोरी कर भारी मात्रा में लाई गई लगभग दो करोड़ की शराब मिली थी।

जांच में पता चला था कि डिस्टलरी से क्षेत्रीय आबकारी वितरक, ट्रांसपोर्टर व फैक्टरी में नियुक्त आबकारी कर्मियों की मिलीभगत से भारी मात्रा में टैक्स चोरी कर शराब निकाली गई। इस पर एसटीएफ ने शराब गोदाम को सील कर दिया था।

राजफाश होने के बाद तत्कालीन आबकारी निरीक्षक बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चेरुइया गांव निवासी रवींद्र किशोर को निलंबित कर दिया गया था। एसटीएफ ने शनिवार देर शाम शहर के इंद्रानगर में किराये पर रह रहे फरार रवींद्र किशोर को गिरफ्तार कर लिया। टीम को उसके पास से एक मोबाइल, तीन हजार रुपये, आधार कार्ड मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *