वायु प्रदूषण को रोकने के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की ओर से जारी आदेशों को सरकारी महकमे भूल चुके हैं। सड़कों पर कूड़ा जलाया जा रहा है। बिना परदे के इमारतें खड़ी हो रहीं हैं और खुले में निर्माण सामग्री बेची जा रही है। ऐसे में हवा फिर से जहरीली हो गई है और दम घोंट रही है। हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर आठ गुना तक बढ़ गया है। इसको लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संबंधित विभागों को चेतावनी के साथ दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एनजीटी के आदेशों को नगर निगम, केडीए, पीडब्ल्यूडी, सेतु निर्माण, नेशनल हाइवे ही अंगूठा दिखा रहे हैं। खुले में पड़ी सामग्री, बिना पानी के छिड़काव के हो रही खोदाई, बिना हरे परदे डाले बन रही इमारतों और खुले में जल रहे कूड़े से प्रदूषण बढ़ गया है। धूल के कण बढऩे से सांस लेना दूभर हो गया है। रही सही कसर जगह-जगह लगे जाम ने बढ़ा दी है।
सबसे ज्यादा वायु प्रदूषण जाजमऊ में है। वायु गुणवत्ता सूचकांक आठ गुना तक पहुंच गया है। एक्यूआइ (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 60 होना चाहिए लेकिन 25 फरवरी को यह 501 तक पहुंच गया है, जो बेहद खतरनाक श्रेणी में है। यहां खोदी गई सड़कों के कारण धूल उड़ती रहती है। रोज लगते जाम के चलते धुआं उगलते वाहनों ने भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा दिया है।
श्यामनगर चौराहे के पास लगे वायु प्रदूषण संयंत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक 284 बता रहा है। यहां खोदी सड़कें और चौराहे के पास ही खुले में फैली निर्माण सामग्री इसकी मुख्य वजह हैं। वाहनों के गुजरने पर खुली निर्माण सामग्री उड़ती रहती है।
घंटाघर चौराहे पर दिनभर जाम लगने के चलते वाहनों का धुआं उड़ता रहता है। आसपास बने होटलों में कोयला भी जलाया जाता है। इससे भी वायु प्रदूषण बढ़ रहा है।
शहर में कई जगह बिना परदा लगाए ही इमारतें बन रही हैं। बेसमेंट खोदने के बाद मिट्टी सड़क पर डाल दी जा रही है। कर्नलगंज, पीरोड,श्यामनगर, अशोक नगर, हर्षनगर, प्रेमनगर, चमनगंज, स्वरूप नगर, गोङ्क्षवद नगर, रावतपुर, आवास विकास कल्याणपुर, शास्त्रीनगर में बिना हरा परदा डाले इमारतें बन रही हैं।
हवा का हाल
वायु प्रदूषण संयंत्र वायु गुणवत्ता सूचकांक
पुरानी चुंगी जाजमऊ 501
आइआइटी गेट तिराहा 500
राम गोपाल चौरहा 347
श्यामनगर चौराहा 284
भारत पेट्रोलियम जीटी रोड 255
कोयलानगर 179
घंटाघर चौराहा 161
सनिगवां रोड 100
यशोदा नगर 100
जाजमऊ ब्रिज 100
वायु गुणवत्ता सूचकांक का मानक – 60
कूड़ा जलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। लोगों से अपील है कि नगर निगम के कंट्रोल रूम में बताएं ताकि तुरंत टीम भेजकर कार्रवाई की जा सके। – अजय संखवार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम
खुले में सामग्री बेचने वाले या रखने वालों पर कार्रवाई की जाती है। जोनवार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। – एसके सिंह, मुख्य अभियंता, नगर निगम

2022-02-28
