कस्बा झींझक में ओवरब्रिज निर्माण की खोदाई करते समय बुलडोजर से जलापूर्ति पाइप लाइन फट गई। करीब पांच घंटे कस्बे की पानी आपूर्ति बाधित रही। नगरपालिका कर्मचारियों ने मरम्मत कर समस्या दूर की।
झींझक नगर पालिका के 25 वार्डों में पानी के 900 कनेक्शन धारक हैं। मंगलवार को कस्बा की तरफ ओवरब्रिज की चढ़ाई के निर्माण को लेकर बुलडोजर से खोदाई हो रही थी। चौकी के सामने अचानक पानी की पाइप लाइन फट गई और खोदाई वाले स्थान पर पानी भर जाने के कारण काम रुक गया। वहीं कस्बे की जलापूर्ति प्रभावित हो गई दोपहर करीब दो बजे तक लोग पानी न मिलने से परेशान रहे। जानकारी पर पता चला कि पाइप लाइन फट गई है। मजबूरी में हैंडपंप से पानी भरकर घर का काम चलाना पड़ा। नगर पालिका के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत कर शाम सात बजे आपूर्ति बहाल की तो लोगों ने राहत की सांस ली। नगर पालिका झींझक लिपिक ब्रजेश राजपूत ने बताया कि पाइप लाइन फटने के कारण कस्बे की जलापूर्ति प्रभावित हुई थी मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल करा दी गई।
