कानपुर के विधानसभा चुनाव की मतगणना आगामी 10 मार्च को होनी है। ऐसे में यातायात और पार्किंग व्यवस्था का विभाग ने खाका तैयार किया है। नौबस्ता बंबा से समाधि पुलिया के बीच नो व्हीकल जोन बनाया गया है। इस रूट को दो जोन और पांच सेक्टर में बांटा गया है। यहां टीआइ और टीएसआइ की तैनाती रहेगी।
नौबस्ता चौराहे पर बैरियर लगाया जाएगा। वहीं, नौबस्ता चौराहे से बर्रा तक करीब 27 प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं, जहां यातायात कर्मियों की तैनाती होगी। मतगणना में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों (नौबस्ता और घाटमपुर की ओर से आने वालों) को नवीन गल्ला मंडी के गेट नंबर एक से प्रवेश दिया जाएगा। इनके लिए बिल्हौर और बिठूर विधान सभा क्षेत्र में पार्किंग स्थल बनाया गया है। प्रत्याशी और उनके एजेंटों के वाहन एसजे पुलिया के पास स्थित आवास विकास मैदान में खड़े होंगे। दोनों सेक्टरों में एक-एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रभारी होंगे। उनके साथ टीएसआइ और 15 कांस्टेबलों की ड्यूटी रहेगी।
तीन क्रेन और माउंट पुलिस भी रहेगी तैनात
एडीसीपी ट्रैफिक राहुल मिठास ने बताया कि मतगणना में तीन क्रेन और माउंट पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई है। एक क्रेन नौबस्ता चौराहा पर तो दूसरी समाधि पुलिया के आसपास रहेगी। वाहन फंसने या खराब होने पर इन्हीं क्रेन की मदद से उन्हें हटाया जाएगा। तीसरी क्रेन गल्ला मंडी गेट पर रहेगी। इसके साथ ही माउंट पुलिस नौबस्ता चौराहे से समाधि पुलिया के बीच भ्रमण करती रहेगी।
यह रहेगी डायवर्जन व्यवस्था
-लखनऊ से आने वाले भारी वाहन नौबस्ता होकर हमीरपुर रोड पर नहीं जा सकेंगे। ये वाहन रामादेवी चौराहे से चौडगरा होकर हमीरपुर को जाएंगे।
– नौबस्ता और यशोदा नगर अंडरपास से हमीरपुर रोड पर भारी वाहन नहीं जाएंगे। रामादेवी से चौडगरा होकर हमीरपुर के लिए जाएंगे।
-घाटमपुर की ओर से भारी वाहन नौबस्ता मंडी के ओर सीधे नहीं आ सकेगा। रमईपुर, साढ व जहानाबाद होकर आगे जाएंगे।
-हल्के और दो पहिया वाहन नौबस्ता बंबा से बाएं मुड़कर सर्विस रोड होते हुए समाधि पुलिया चौराहे से गंतव्य तक जा सकेंगे।
