स्कूल से आ रही थी किसी के रोने की आवाज, पांच साल की बच्ची को क्लास में बंद करके चले गए टीचर
Fri, 04 Mar 2022
फतेहपुर में हथगाम थाना क्षेत्र के महरूपुर मजरे अमिलिहापाल गांव में स्कूल से रोने की आवाज आने पर ग्रामीणों के कदम ठिठक गए। स्कूल के अंदर गए तो नजारा देखकर सन्न रह गए। दरअसल, परिषदीय विद्यालय में शिक्षक स्टाफ की लापरवाही से पांच वर्षीय बच्ची को चार घंटे तक कमरे में अकेले कैद रहना पड़ा। इस दौरान बेटी घर नहीं आई तो घरवाले परेशान हो गए और तलाश करते रहे। बाद में पुलिस की मदद से ताला खोलकर बच्ची को बाहर निकाला गया।
गांव के रहने वाले अवधेश कुमार की पांच वर्षीय पुत्री दीपाली कक्षा एक की छात्रा है। शुक्रवार को वह स्कूल आई थी। दोपहर दो बजे छुट्टी के बाद सभी बच्चे अपने घर पहुंच गए, दीपाली घर नहीं पहुंची। कुआं, तालाब में स्वजन बच्ची को खोजने लगे। चाचा संजय, पिता व मोहल्ले के लोग लापता बच्ची को खोज रहे थे। शाम पांच बजे संजय को स्कूल परिसर में किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी तो वह नजदीक पहुंचे। चाचा की आवाज सुनकर बच्ची जोर-जोर से रोने लगी। कक्षा के अंदर बच्ची के मौजूद होने पर स्वजनॉ ने राहत की सांस ली। प्रधानाध्यापिका आरती तोमर से चाभी मांगने पर उन्होंने रसोइयां उर्मिला देवी के पास होने की जानकारी दी। रसोइयां द्वारा चाभी न देने पर स्वजनों ने यूपी 112 को सूचित किया। पुलिस ने ताला खुलवाकर शाम छह बजे बच्ची को बाहर निकाला।
