डाक्टर के अस्पताल और घरों से मिले एक करोड़ तीस लाख सीज

आयकर का छापा : डाक्टर के अस्पताल और घरों से मिले एक करोड़ तीस लाख सीज, चारों स्थानों पर कार्रवाई खत्म
Fri, 04 Mar 2022
कानपुर में आयकर विभाग की टीम को जीएसवीएम मेडिकल कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर डा. राघवेंद्र गुप्ता, डा. स्वप्निल गुप्ता के घर, निजी अस्पताल, पैथोलाजी और एक पुराने घर पर छापा मारने में अघोषित रूप से एक करोड़ तीस लाख रुपये कैश मिला है। जिसके बाद टीम ने रूपयों को जब्त कर लिया है। टीम को अस्पताल के अकाउंट और बिल रशीदों में गड़बड़ी मिली है। जिसकी जांच के लिए कागजों को जब्त कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया कागजों में हेराफेरी की बात सामने आ रही है। छापे की कार्रवाई लगभग 20 घंटे चली है।

आयकर विभाग ने गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे मेडिकल कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर डा. राघवेंद्र गुप्ता, उनकी पत्नी स्वप्निल गुप्ता के स्वरूप नगर में सेवन बंगला स्थित घर, डबल पुलिया स्थित न्यूरांस सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल, लाला लाजपत राय अस्पताल के सामने यूनीक पैथोलाजी व हरवंश मोहाल स्थित उनके एक पुराने आवास पर छापा मारा। आयकर विभाग को शिकायत मिली थी कि डा. राघवेंद्र और डा. स्वप्निल अपनी आय को आधा ही बता रहे थे। उनके अस्पताल, पैथोलाजी व घर पर मिले लैपटाप व मोबाइल फोन की जांच में यह शिकायत सही पाई गई।

वह करीब 70 से 75 लाख रुपये के रिटर्न आयकर में फाइल कर रहे थे लेकिन उनके अस्पताल व घर में एक करोड़ रुपये की नकदी अधिकारियों को मिली। इतनी नकदी मिलने के बाद आयकर अधिकारियों ने उनकी कैश बुक मंगाई और इस राशि का मिलान शुरू किया। जांच में यह भी पाया गया कि अस्पताल व पैथोलाजी के खातों को व्यवस्थित रूप में नहीं रखा गया था। लैपटाप, कंप्यूटर सिस्टम व मोबाइल के सभी डाटा का आयकर अधिकारियों ने बैकअप अपने पास ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *