उन्नाव में पंप पर डीजल उतारने पहुंचे टैंकर के परिचालक ने गाड़ी स्टार्ट कर अचानक आगे बढ़ा दी। जिससे पंप पर चारपाई में सो रहे दो कर्मी दब गए। साथी कर्मियों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां डाक्टर ने एक को मृत घोषित कर दूसरे को गंभीर देख लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेज दिया।
माखी थानाक्षेत्र के गांव पुरवा टेनई निवासी 38 वर्षीय श्रीपाल पुत्र श्रीकृष्ण अपने गांव के साथी 28 वर्षीय लक्ष्मन पुत्र बरजोर के साथ बांगरमऊ के संडीला रोड स्थित आरएस चौराहे पर पेट्रोल पंप में रहकर नौकरी करता था। देर रात पंप का एक टैंकर डीजल लेकर वहां आया। रात अधिक होने से उसे खाली नहीं किया जा सका। इससे चालक ने परिचालक सत्यम को टैंकर की चाबी दी और घर चला गया। वहीं श्रीपाल व लक्ष्मन एक चारपाई पर और अन्य साथी कुलदीप निवासी काजीपुर बंगर, सूरज निवासी तहिरापुर, ज्ञान सिंह निवासी निगोही फतेहपुर चौरासी भी वहीं सो रहे थे। तभी परिचालक ने अचानक टैंकर स्टार्ट कर दिया और उसे तेज रफ्तार में आगे बढ़ा दिया। जिससे वहां सो रहे श्रीपाल और लक्ष्मन उसकी चपेट में आकर गंभीर घायल हो गए। अन्य कर्मी दोनों को सीएचसी ले गए, जहां डाक्टर ने श्रीपाल को मृत घोषित करते हुए लक्ष्मन को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे हल्का दारोगा राहुल द्विवेदी ने टैंकर कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम भेज दिया। परिचालक मौका देख वहां से भाग निकला। श्रीपाल की मौत से उसकी मां कोकिला, पत्नी रीता, बेटा अमन, श्याम व बेटी आकांक्षा का रो-रोकर बुरा हाल रहा। चर्चा थी कि परिचालक देरशाम से ही काफी नशे में था। जिसके चलते ही घटना हुई है। जांच में टैंकर के भीतर शराब की खाली बोतल भी मिली है।
साजिशन हत्या का आरोप लगा स्वजन ने किया हंगामा
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के स्वजन ने हादसे में साजिशन हत्या का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी कृपाशंकर व कोतवाल ओपी राय फोर्स के साथ वहां पहुंचे, जहां मृतक के भाई जगदीश ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर प्रार्थनापत्र दिया। जिसमें उसने पंप मालिक स्वामी दयाल गुप्ता निवासी बांगरमऊ व मैनेजर ऋषि सिंह को नामित किया। रिपोर्ट दर्ज करने के आश्वासन पर वे शांत हुए।
चार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज
पोस्टमार्टम हाउस में हंगामे के बाद मृतक के भाई जगदीश की तहरीर पर पुलिस ने हत्या व षडय़ंत्र रचने की धारा में पंप मालिक स्वामी दयाल पुत्र सियाराम गुप्ता निवासी संडीला रोड बांगरमऊ व मैनेजर ऋषि सिंह और अज्ञात टैंकर चालक-परिचालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
