उत्तर मध्य रेलवे के जीएम नौ मार्च को रूरा रेलवे स्टेशन का वार्षिक निरीक्षण करेंगे। इसके लिए स्टेशन, कालोनी, रेल पटरी, प्लेटफार्म रंगरोगन सहित अन्य कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। पौधारोपण संग ही अन्य काम चल रहे हैं।
महाप्रबंधक प्रमोद कुमार के आने की तैयारी में पूरी चाक-चौबंद व्यवस्था के लिए पूरा स्टेशन प्रशासन अपने अपने काम में तेजी से जुटा है। स्टेशन मास्टर कक्ष, प्लेटफार्म व भवन का रंगरोगन, स्टैंड पोस्ट से गायब टोटियों को लगाने का क्रम, रेल पटरियों व स्लीपरों को सजाने के अलावा स्टेशन के आसपास रेल पटरी के किनारे पड़े अनावश्यक भारी भरकम पत्थरों को हटाने का काम तेज चल रहा।
पीडब्ल्यूआइ राम तीरथ ने बताया कि निरीक्षण के पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी। वहीं दूसरी ओर दक्षिणी साइड में यात्री पुल के पास खाली पड़ी जगह को चिह्नित कराकर पार्क बनाने का काम तेजी से चालू हो गया है। पार्क में बच्चों के लिए स्लाइडर झूला, घुमनी झूला सहित तीन झूले लगेंगे और जमीन पर हरी घास लगाने के साथ आसपास टहलने के लिए इंटरलाकिग वह छायादार व सजावटी पेड़ पौधे भी लगाए जाएंगे। इसके लिए कार्यदायी संस्था साई राम बिल्डर्स ने काम शुरू कराया है। संस्था के देवेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि जीएम निरीक्षण के पहले पार्क को तैयार कर लिया जाएगा। इसमें अनुमानित 15 लाख रुपये खर्च होंगे। उधर, इंजीनियर वर्क्स ओम प्रकाश तनेजा के अलावा टाटा के सुपरवाइजर राहुल भदौरिया ने निर्माणाधीन काम की प्रगति देखी। बंद ट्रेनों को चलाने का होगा काम
निरीक्षण को लेकर अभी से क्षेत्रीय लोग सुविधाओं की मांग तैयार कर रहे। भाजपा जिला महामंत्री रामजी गुप्ता कोरोना काल के दौरान बंद की गईं सभी ट्रेनों को चालू कराने व प्रयागराज जाने के लिए अप संगम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखेंगे। रोशनमऊ गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य राम मोहन शुक्ला पतरा हाल्ट में यात्री सुविधाएं बढ़ाने व सुबह कानपुर से इटावा की ओर जाने वाली मेमो ट्रेन को चालू करने की मांग रखेंगे। व्यापार मंडल के अलग अलग संगठन के लाभम गुप्ता, विवेक ओमर, श्याम द्विवेदी, अंकित चौरसिया, मोनू गुप्ता, नीरज शुक्ला, श्यामजी वैश्य आदि लोग स्टेशन में यात्रियों के लिए आरओ वाटर सिस्टम, स्टेशन के पश्चिमी साइड में प्लेटफार्म पर आने जाने के लिए यात्री पैदल पुल बनाने व ट्रेन एनाउंसमेंट सिस्टम की दूरी बढ़ाने के साथ ही यात्री संघ के अपूर्व अवस्थी ने बस स्टाप चौराहे से स्टेशन रोड पर मार्ग प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग रखेंगे।
