सिकंदरा में दो घरों से चोरों ने माल किया पार

सिकंदरा में शनिवार देररात चोरों ने कई घरों को निशाना बनाया। दो जगह से चोर हजारों का माल ले गए वहीं दो जगह ताला तो तोड़ लेकिन आहट होने पर लोग जाग गए तो चोर वहां से भाग निकले। पुलिस जांच कर रही है।

कस्बे के संदलपुर रोड पर बिरहाना चौराहे के पास जवाहर नगर निवासी गौरव शुक्ला का मकान है जिसमें नीचे ही कंप्यूटर सेंटर संचालित है। देररात दुकान व मकान के ताले चोरों ने तोड़ दिए और अंदर रखे तीन कंप्यूटर, फर्नीचर समेत हजारों का माल पार कर दिया। यहां के बाद चोर कुछ दूर ही सुभाष नगर निवासी नगर पंचायत कर्मी मनोज के सूने मकान व जरौली गांव के राजेंद्र कटियार के दोनों मकानों के ताले तोड़ दिए। आहट होने पर लोग जाग गए तो चोर यहां से फरार हो गए और कुछ नहीं ले जा पाए। इसके बाद कस्बे के अंदर राजेंद्र नगर मोहल्ले में पहुंचकर चोरों ने पशुपालन विभाग कर्मी पुष्पेंद्र कुमार के मकान के मेन गेट के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और परिवार के लोगों के सोते समय बगल के कमरे में रखी अलमारी तोड़ने का प्रयास किया। इतने में परिवार के सदस्यों के जागने की आहट पाकर चोर वहीं रखे दो मोबाइल व झोला लेकर भाग निकले। झोले में दवा, आधार कार्ड समेत अन्य कागजात थे। इधर रविवार सुबह चोरी की जानकारी पर भीड़ जुट गई। पुलिस पहुंची और जांच करने पर वहां से करीब पांच सौ मीटर दूर एक खेत में झोला पड़ा मिला। लोगों का कहना था कि पुलिस गश्त सही से हो तो चोरी पर रोकथाम लगे। सिकंदरा थानाध्यक्ष राम गोविद मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *