कानपुर। नयागंज चौराहे में सोमवार दोपहर बाद बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई। आग लगने से भीड़-भाड़ वाले इलाके में हड़कंप मच गया। आग की बढ़ती लपटों को देखते हुए व्यापारियों ने किसी तरह ऊपर की बिल्डिंग में पहुंचकर पानी फेंकना शुरू किया। लगभग 1 घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। व्यापारियों कहना है कि शॉर्ट सर्किट के बाद बिजली की तारों में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक गाड़ियां नहीं पहुंच पाईं। दोपहर में बिजली के तारों में लगी आग के बाद शहर के प्रमुख व्यवसाय क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय व्यापारियों ने सभी स्टेशन में सूचना देकर शट डाउन कराया। इस कारण विद्युत आपूर्ति बंद हो गई थी। यदि शट डाउन नहीं कराया गया होता, तो आग विकराल रूप ले सकती थी। थोड़ी ही दूरी में रखा ट्रांसफार्मर में आग लगने से बच गया। व्यापारियों ने स्थानीय सब-स्टेशन में भी आग लगने की सूचना दी थी। फिलहाल सब-स्टेशन से पहुंचे केस्को कर्मियों ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि देर शाम तक विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। व्यापारियों का कहना है कि आग लगते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई थी, लेकिन देर तक उनकी गाड़ी नहीं पहुंची। इस बीच स्थानीय व्यापारियों ने अपने स्तर से पानी डालने का कार्य किया और बिजली की सप्लाई को भी सब स्टेशन से बंद कराया।

2022-03-07
