रूरा क्षेत्र के अडरेपुरवा में लाही की झुराई करने के दौरान आपसी विवाद में छोटी बहन से गुस्साई बड़ी बहन ने घर आकर दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। शाम को खेत से काम कर लौटे स्वजन ने शव देखा तो होश उड़ गए।
बनीपारा महाराज के मजरा अडरेपुरवा गांव निवासी किसान धीरेंद्र पत्नी सन्नो के अलावा 17 वर्षीय बड़ी बेटी सोनम व छोटी बेटी ज्योति के संग खेत में लाही की झुराई करने के कार्य में लगे थे। मंगलवार दोपहर बाद खेत में नाश्ते में खानपान की सामग्री आई और कम ज्यादा लेने देने को लेकर दोनों बहनों में वाद विवाद के बाद जमकर तकरार हुई। इससे गुस्साकर बड़ी बहन खेत का काम छोड़कर घर लौट आई। इस दौरान खेत में काम कर रहे माता-पिता ने गुस्से के चलते चले जाने की बात सोची। शाम को जब लोग घर पहुंचे तो कमरे में फंदे से उसका शव लटका देख होश उड़ गए। ग्राम प्रधान रोहित सिंह सहित अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष अनूप कुमार निगम, कस्बा इंचार्ज प्रभाकर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि बहन से विवाद के बाद जान दी है।
