बोलेरो की टक्कर से साइकिल सवार दंपती की मौत

रसूलाबाद बिसधन रोड पर नैला पेट्रोल पंप के समीप एक अनियंत्रित बोलेरो ने साइकिल सवार दंपती को टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद तेज रफ्तार में चालक बोलेरो लेकर भागा और एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी। शिवली पुलिस ने बोलेरो को पकड़ लिया, लेकिन चालक फरार होने में कामयाब रहा।

कन्नौज के धूरपुर निवासी 52 वर्षीय किसान हरीराम व उनकी 50 वर्षीय पत्नी फूलन देवी दवा लेने के लिए मंगलवार सुबह साइकिल से क्षेत्र के मधेपुर सिमरिया गांव जा रहे थे। नैला पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि रसूलाबाद की ओर से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे दोनों की वहीं पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक तेजी से वाहन को लेकर भागा तो थोड़ा आगे मुनौरापुर निवासी राजेंद्र सिंह की बाइक में टक्कर मार दी इससे वह घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी इसके बाद आसपास के थाने की पुलिस सक्रिय हो गई। शिवली के औनहा के पास पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया पर चालक फरार हो गया। इधर मौत की खबर परिवार को मिली तो सभी घटनास्थल की ओर भागे। पुत्र सुभाष, रघुवीर, जसवंत, जय सिंह, दिव्यांग श्याम बिहारी, पुत्रियां राधा व रानी का रो रोकर बुरा हाल हो गया। बेटे सुभाष ने बताया कि मां की दवा लेने एक वैद्य के पास जा रहे थे और दोपहर तक घर लौट आने की बात कही थी। खेती किसानी कर जीवन यापन कर रहे थे। थाना प्रभारी रसूलाबाद प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि बोलेरो नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *