[6:31 pm, 10/03/2022] Vinay Uncle: UP Election Result 2022 LIVE: लखनऊ में पार्टी कार्यालय पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, कार्यकर्ताओं संग होली खेल मनाया जश्न
2022-03-10
पश्चिमी यूपी की भी ज्यादातर सीटों पर भाजपा जीत की ओर
भाजपा ने सपा के मुकाबले लगभग दो गुनी सीटों पर बनाई बढ़त
यूपी के रण में काफी पीछे छूटती दिख रही बसपा और कांग्रेस
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे तेजी से सामने आने लगे हैं। चुनाव से ठीक पहले किसान आंदोलन और लखीमपुर हिंसा की वजह से भाजपा को यहां नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा था। विपक्षी दलों ने भी दोनों मोर्चों पर सरकार को घेरने की कोई कसर नहीं छोड़ी। बावजूद दोनों जगहों पर भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा है। लखीमपुर में भाजपा ने एक बार फिर सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज की है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है। मतगणना स्थलों पर मौजूद संवाददाता तेजी से नतीजे अपडेट कर रहे हैं। सबसे तेज और सटीक नतीजों के लिए बने रहें हमारे साथ।
10 March 2022
लखनऊ में भाजपा कार्यालय में मनी होली
एक बार फिर उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनती देख भाजपा नेताओं ही नहीं कार्यकर्ताओं का जोश भी हाई है। कार्यकर्ता काफी देर से पार्टी कार्यालय पर जमा होकर जीत का जश्न मना रहे थे। इसी बीच शाम करीब पौने छह बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अन्य मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं संग पार्टी कार्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं संग जीत की खुशी में होली खेली। इस मौके पर कार्यकर्ताओं और राज्य को जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी को धन्यवाद कहा।
05:59 PM, 10 March 2022
कानपुर मेयर ने बुलडोजर संग मनाया जश्न
कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय राज्य में पार्टी के प्रदर्शन के गदगद हैं। पार्टी की जीत की खुशी में उन्होंने बुलडोजर पर चढ़कर जश्न मनाया। उनका ये वीडियो न्यूज मीडिया से लेकर सोशल मीडिया में छाया हुआ है।
05:56 PM, 10 March 2022
अमरोहा में भाजपा-सपा को दो-दी सीटें
अमरोहा में दो सीट भाजपा और दो सपा के खाते में गई। इनमें अमरोहा शहर से सपा के महबूब अली व नौगावां से समरपाल विजयी हुए, जबकि हसनपुर से भाजपा विधायक महेन्द्र सिंह खड़गवंशी व धनौरा विधायक राजीव तरारा ने जीत दोहराई है।
05:36 PM, 10 March 2022
सिराथू में मतगणना स्थल पर पहुंचे केशव मौर्य के बेटे, गणना रोकी
कौशांबी की सिराथू विधानसभा क्षेत्र के गतगणना स्थल पर केशव प्रसाद मौर्य के पुत्र योगेश मौर्य पहुंच गए हैं। उनके पहुंचने पर सपाइयों ने हंगामा कर दिया, इसे देखते हुए फिलहाल मतगणना रोक दी गई है। बीजेपी कार्यकर्ता मतगणना स्थल से धीरे-धीरे बाहर निकल रहे। सिराथू से सपा उम्मीवार पल्लवी पटेल 2383 मतों से आगे चल रही हैं। यहां 22 चरणों की मतगणना पूरी हो चुकी है, जबकि अभी नौ राउंड की मतगणना बाकी है।
05:31 PM, 10 March 2022
लखीमपुर, हरदोई और गोंडा में खिला कमल
चुनाव से ठीक पहले लखीमपुर हिंसा और उस पर विपक्ष की आक्रामकता को देखकर अनुमान लगाया जा रहा था कि यहां भाजपा को नुकसान उठाना पड़ सकता है। हालांकि ऐसा कुछ नहीं हुआ। लखीमपुर में भाजपा ने 2017 का प्रदर्शन दोहराते हुए सभी 8 सीटों पर कब्जा जमा लिया है। इससे पहले 2012 में यहां की चार सीटें सपा, तीन बसपा और एक भाजपा की झोली में थी। गोंडा जिले की सातों विधानसभाओं में भी भाजपा ने 2017 का प्रदर्शन दोहराते हुए सभी सीटों पर कब्जा जमा लिया है। इससे पहले 2012 में यहां की छह सीटों पर सपा और एक भाजपा के खाते में थी। हरदोई में भी आठों सीटों पर भाजपा ने विजय पताका फहराई है। 2017 में यहां की सात सीटों पर भाजपा काबिज हुई थी। 2012 में यहां की दो सीटें बसपा और छह सपा के खाते में थी।
05:12 PM, 10 March 2022
हस्तिनापुर का मिथक कायम – जो जीता उसकी बनी सरकार
मेरठ की हस्तिनापुर विधानसभा सीट को लेकर एक मिथक है। ऐसा माना जाता है कि इस विधानसभा सीट से जिस पार्टी का उम्मीदवार जीतता है, राज्य में उसी की सरकार बनती है। इस बार यहां से भाजपा प्रत्याशी दिनेश खटीक ने जीत दर्ज की है। अब तक की मतगणना से भी यूपी में एक बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनना लगभग तय दिख रहा है। ऐसे में हस्तिनापुर सीट का मिथक इस बार भी बरकरार रहेगा। दिनेश खटीक ने यहां सपा प्रत्याशी योगेश वर्मा को हराया।
05:06 PM, 10 March 2022
यूपी की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार विजयी
कानपुर की कल्याणपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी और प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार 21394 वोट से विजयी हुईं हैं। उन्हें कुल 97,043 मत प्राप्त हुए हैं। दूसरे स्थान पर सपा के सतीश निगम हैं, जिन्हें कुल 75,649 मत प्राप्त हुए। 6402 मतों के साथ बसपा के अरुण मिश्रा इस सीट पर तीसरे स्थान पर रहे। वहीं 2670 वोटों के साथ कांग्रेस की नेहा तिवारी चौथे पायदान पर हैं।
04:56 PM, 10 March 2022
महज 307 वोटों से जीते राज्यमंत्री बलदेव औलख
रामपुर की बिलासपुर सीट से राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने मात्र 307 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 1,01,998 वोट मिले हैं, जबकि उनके मुकाबले रहे समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अमरजीत सिंह को 1,01,691 वोट मिले।
04:53 PM, 10 March 2022
रामपुर में सपा तीन और भाजपा दो सीटों पर जीती
रामपुर की पांचों विधानसभा सीटों के नतीजे सामने आ गए हैं। रामपुर शहर विधानसभा सीट से सपा सांसद आजम खां, स्वार से उनके बेटे अब्दुल्ला आजम, चमरौआ से सपा विधायक नसीर अहमद खां, मिलक से भाजपा विधायक राजबाला और बिलासपुर से राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख चुनाव जीत गए हैं। हालांकि इनकी आधिकारिक घोषणा होनी अभी बाकी है।
04:45 PM, 10 March 2022
प्रतापगढ़ सदर से अनुप्रिया पटेल की मां पिछड़ीं
प्रतापगढ़ की सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र कुमार मौर्यी ने अपना दल कमेरा वादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल को पिछाड़ दिया है। भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र मोर्य फिलहाल 88,864 मतों से आगे हैं और उनका जीतना लगभग तय है। वहीं अनुप्रिया पटेल की मां कृष्णा पटेल को अब तक 63,989 मत मिले हैं। कृष्णा पटेल अपना दल कमेरा वादी और सपा की संयुक्त प्रत्याशी हैं।
04:36 PM, 10 March 2022
गाजियाबाद की पांचों सीट पर भाजपा की जीत लगभग तय
गाजियाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग, साहिबाबाद से भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा, लोनी से भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर, मोदीनगर से भाजपा प्रत्याशी मंजू शिवास और मुरादनगर से भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी का जीतना लगभग तय है।
03:34 PM, 10 March 2022
नोएडा में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले की तीनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी शुरू से बढ़त बनाए हुए हैं। नोएडा विधानसभा चुनावों की मतगणना अंतिम दौर में चल रही है। अब तक 28 चरण की मतगणना पूरी हो चुकी है और 10 चरण की मतगणना अभी बाकी है। अभी तक की मतगणना में नोएडा से भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह 1.34 लाख मतों के अंतर के साथ, ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रहे हैं।
03:17 PM, 10 March 2022
स्वामी प्रसाद 25 हजार वोटों से पीछे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तीसरे स्थान पर
चुनाव से ठीक पहले भाजपा से सपा में गए स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर सीट पर 25 हजार से अधिक मतों से पीछे चल रहे हैं। वहीं तमकुहीराज सीट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तीसरे स्थान पर हैं।
तमकुहीराज – 14वां चरण
1. भाजपा – डा. असीम कुमार राय – 51222
2. सपा – डा. उदयनारायण गुप्ता – 20958
3. कांग्रेस – अजय कुमार लल्लू – 17006
4. बसपा – संजय गुप्ता – 8672
(भाजपा प्रत्याशी को 30264 मतों की बढ़त)
फाजिलनगर – 12वां चरण
1. भाजपा – सुरेन्द्र कुशवाहा – 46929
2. सपा – स्वामी प्रसाद मौर्य – 21488
3. बसपा – इलियास अंसारी – 14708
4. कांग्रेस – सुनील ऊर्फ मनोज सिंह – 1229
(भाजपा प्रत्याशी को 25432 मतों की बढ़त)
10 March 2022
कुशीनगर की सातों सीट पर भाजपा की जीत लगभग तय
कुशीनगर की सभी सात सीटों पर भाजपा की जीत लगभग तय है। खड्डा सीट पर भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी विवेकानंद पांडेय, सुभासपा के अशोक चौहान से 39,636 मतों से आगे हैं। पडरौना सीट पर भाजपा के मनीष जायसवाल, सपा के विक्रमा यादव से 17,791 मतों से आगे हैं। तमकुहीराज सीट पर भाजपा के डा. असीम कुमार राय सपा के डा. उदयनारायण गुप्ता से 30,264 मतों से आगे हैं। फाजिलनगर सीट पर भाजपा के सुरेंद्र कुशवाहा, सपा के स्वामी प्रसाद मौर्य से 25,432 मतों से आगे हैं। कुशीनगर सीट पर भाजपा के पीएन पाठक, सपा के राजेश प्रताप राव से 10895 मतों से आगे हैं। हाटा सीट पर भाजपा के मोहन वर्मा, सपा के रणविजय सिंह से 26,687 मतों से आगे हैं। रामकोला सीट पर भाजपा के विनय प्रकाश गोंड, सुभासपा के पूर्णमासी देहाती से 32,239 मतों से आगे हैं।
02:51 PM, 10 March 2022
करछना सीट पर भाजपा की जीत
प्रयागराज की करछना विधानसभा सीट से भाजपा के पीयूष रंजन निषाद जीत चुके हैं, हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। इलाहाबाद शहर पश्चिम से मंत्री सिदार्थ नाथ सिंह भी जीत के करीब हैं। इलाहाबाद शहर दक्षिण की सीट से नंद गोपाल नंदी करीब दो हजार वोटों से आगे। इलाहाबाद शहर उत्तर से भाजपा प्रत्याशी हर्षवर्धन वाजपेयी ने भी बनाई बढ़त।
02:34 PM, 10 March 2022
बिजनौर की नहटौर सीट पर दोबारा गणना
बिजनौर की नहटौर सीट पर वोटों की गिनती फिर से शुरू की गई है। नहटौर में पहले गठबंधन प्रत्याशी मुंशीराम पाल को 144 वोटों से विजयी घोषित किया गया था। उस पर भाजपा प्रत्याशी ओम कुमार ने ऐतराज जताते हुए फिर से मतगणना की मांग की थी। इस सीट पर शुरुआत में भाजपा ने बढ़त बनाई थी, लेकिन बाद में गठबंधन आगे निकलता चला गया। इस सीट पर दोनों पार्टियों में बहुत कड़ी टक्कर हुई है।
02:22 PM, 10 March 2022
आगरा और पीलीभीत में भाजपा की जीत
आगरा की खैरागढ़ विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाहा ने 32000 मतों से जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 88 हजार वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार को 56 हजार वोट प्राप्त हुए हैं। पीलीभीत में भी भाजपा प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद ने 81,838 मतों के अंतर से जीत का परचम लहराया है। उन्हें कुल 1,51,498 वोट मिले हैं। यहां दूसरे नंबर पर सपा उम्मीदवार हेमराज वर्मा रहे, जिन्हें 69,660 वोट मिले हैं।
02:07 PM, 10 March 2022
रवि किशन ने कार्यकर्ताओं को खिलाया लड्डू
अभिनेता व गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन भी भाजपा कार्यकर्ताओं संग उत्साह में डूबे नजर आ रहे हैं। उन्होंने भाजपा के प्रदर्शन से खुश होकर कार्यकर्ताओं को लड्डू खिलाना शुरू कर दिया है। इस मौके पर रवि किशन ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, मोदी जी कार्यकर्ताओं और मंत्रियों को हमेशा जमीनी स्तर पर कार्य करने की सीख दी है। ये जीत उसी सीख का नतीजा है। ये राम राज्य की शुरूआत है।
01:53 PM, 10 March 2022
साइकल क्या बुलडोजर के सामने कुछ नहीं टिक सकता – हेमा मालिनी
यूपी विधानसभा चुनावों के रुझान में भाजपा को मिल रही बढ़त पर भाजपा सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, हमें पहले से पता था कि हमारी सरकार बनेगी, हमने विकास के सभी पहलुओं पर काम किया है। इसलिए जनता ने हम पर भरोसा जताया है। बुलडोजर के सामने कुछ भी टिक नहीं सकता, फिर चाहे वह साइकल हो या कुछ और। बुलडोजर हर चीज को मिनटों में तबाह कर सकता है।
01:45 PM, 10 March 2022
बसपा कांग्रेस का 2017 से भी खराब प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में बसपा और कांग्रेस का प्रदर्शन 2017 के परिणामों से भी खराब दिख रहा है। वर्ष 2017 में बसपा को 19 सीटों और कांग्रेस को 07 सीटों पर जीत प्राप्त हुई थी। इस बार अब तक के रुझानों में बसपा और कांग्रेस को 4-4 सीटों पर ही बढ़त दिख रही है।
01:39 PM, 10 March 2022
नोएडा से बड़ी जीत की ओर पंकज सिंह
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नोएडा विधानसभा सीट पर राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह का दोबारा विधायक बनना लगभग तय हो गया है। इतना ही नहीं पंकज सिंह करीब 80 हजार मतों के अंतर के साथ बड़ी जीत की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। पंकज सिंह को अब तक कुल 1,02,504 वोट मिल चुके हैं। दूसरे नंबर पर सपा के सुनील शर्मा हैं, जिन्हें 23,939 वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर बसपा प्रत्याशी कृपा राम शर्मा और चौथे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक हैं।
01:33 PM, 10 March 2022
वाराणसी में भाजपा गठबंधन का क्लीन स्विप
भाजपा की वाराणसी में कठिन परीक्षा थी, क्योंकि यहां पीएम नरेन्द्र मोदी की संसदीय सीट है। उस परीक्षा में भाजपा गठबंधन पास होती दिख रही है। भाजपा गठबंधन एक बार फिर वाराणसी की आठों सीटों पर क्लीन स्वीप की ओर बढ़ रही है। यहां से तीनों मंत्री, अन्य विधायक व कुछ नए प्रत्याशी अपने प्रतिद्वंदी सपा गठबंधन से बढ़त बनाए हुए हैं। शहर दक्षिणी से पीछे चल रहे योगी सरकार में मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी भी सातवें राउंड में बढ़त बना लिए हैं।
01:17 PM, 10 March 2022
अलीगढ़ में दो और हाथरस में एक सीट पर सपा आगे
अलीगढ़ की दो सीटों पर सपा आगे चल रही है। छर्रा में सपा प्रत्याशी लक्ष्मी धनगर ने बढ़त बना ली हैं। भाजपा ने यहां मौजूदा विधायक रवेंद्र पाल सिंह को प्रत्याशी बनाया है। कोल में सपा प्रत्याशी अज्जू इश्हाक आगे हैं। यहां भाजपा विधायक अनिल पाराशर मैदान में हैं। पूर्व मुख्य मंत्री कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह और सादाबाद से भाजपा प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय निरंतर आगे चल रहे हैं। रामवीर पहले बसपा में थे, चुनाव पूर्व भाजपा में आए। अलीगढ़ की बरौली सीट पर भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह की बड़ी जीत हो सकती है। करीब 50 हजार मतों से वह आगे चल रहे हैं।
01:09 PM, 10 March 2022
ढोल-नगाड़े संग झूम रहे भाजपा कार्यकर्ता
वाराणसी सिगरा स्थिति भाजपा कार्यालय पर जश्न का माहौल है। जैसे-जैसे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में रुझान आ रहे हैं, पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता जा रहा है। वाराणसी के भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों संग जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
12:50 PM, 10 March 2022
चौथे राउंड में केशव प्रसाद मौर्य हुए पीछे
कौशांबी जिले की सिराथू सीट पर चौथे चरण की मतगणना तक उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 2821 मतों से पीछे हो गए हैं। केशव प्रसाद मौर्य को कुल 11,492 मत प्राप्त हुए हैं, जबकि सपा उम्मीदवार पल्लवी पटेल को चौथे राउंड तक कुल 14,313 मत प्राप्त हुए हैं।
12:41 PM, 10 March 2022
सीएम योगी आदित्यनाथ तीन गुना मतों से आगे
गोरखपुर शहरी सीट पर 11वें चरण की मतगणना तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काफी बड़ी बढ़त बना ली है। वह दूसरे नंबर पर चल रहे सपा प्रत्याशी से 36,722 मतों से आगे चल रहे हैं।
1. भाजपा आदित्यनाथ 55586
2. सपा सुभावती 18864
3. बसपा शमशुद्दीन 3319
4. कांग्रेस चेतना 873
5. आसपा चंद्रशेखर 2948
(11वें चरण के बाद प्रमुख प्रत्याशियों की स्थिति)
12:26 PM, 10 March 2022
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा को बढ़त
विधानसभा चुनावों से ठीक पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश किसान आंदोलन का गढ़ बन चुका था। विपक्षी दलों ने किसान आंदोलन के बहाने यहां भाजपा को पटखनी देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। बावजूद पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा का पलड़ा भारी दिख रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन जिलों गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और हापुड़ की सभी 11 सीटों पर भाजपा आगे है।
12:18 PM, 10 March 2022
पूर्वांचल में कई मंत्री चल रहे पीछे
यूपी विधानसभा चुनावों का सातवां और अंतिम चरण पूर्वांचल में था। अंतिम चरण में भाजपा के दिग्गज नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी। बावजूद अब तक के रुझानों में पूर्वांचल में भाजपा के कई मंत्री पीछे छूटते दिख रहे हैं। बलिया में दोनों मंत्री उपेंद्र तिवारी और आनंद स्वरूप शुक्ला, सपा उम्मीदवारों से पीछे हैं। जौनपुर में मंत्री गिरीश यादव भी सपा उम्मीदवार से पीछे चल रहे हैं। हालांकि वाराणसी में लगातार पीछे चल रहे मंत्री नीलकंठ तिवारी अब 4000 मतों से आगे निकल चुके हैं।
12:08 PM, 10 March 2022
काफी पीछे छूटती दिख रही बसपा-कांग्रेस
यूपी के रण में बसपा और कांग्रेस काफी पीछे छूटती दिख रही है। दोपहर 12:10 बजे तक यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं। इन रुझानों में भाजपा गठबंधन 257 सीटों पर आगे दिख रही है। वहीं सपा 136 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं बसपा और कांग्रेस बहुमत की दौड़ में काफी पीछे छूटती दिख रही है। रुझानों में बसपा मात्र 04 और कांग्रेस केवल 03 सीटों पर आगे दिख रही है।
12:05 PM, 10 March 2022
यूपी की राजनीति में इतिहास रचने की ओर योगी
उत्तर प्रदेश मतगणना के अब तक के रुझान, भाजपा की बंपर जीत की तरफ इशारा कर रहे हैं। अगर ये रुझान परिणामों में तब्दील होते हैं तो भाजपा एक बार फिर यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। अगर ऐसा हुआ तो यूपी में लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने वाली भाजपा पहली पार्टी होगी।
12:02 PM, 10 March 2022
रुझानों में बहुमत से काफी आगे निकली भाजपा
अब तक रुझानों में भाजपा उत्तर प्रदेश में बहुमत की दौड़ में काफी आगे निकलती दिख रही है। 403 सीटों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 202 सीटों का है। इसके मुकाबले दोपहर 12 बजे तक के रुझानों में भाजपा 258 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
11:49 AM, 10 March 2022
भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
उत्तर प्रदेश के शुरूआती रुझानों में भाजपा की बढ़त से कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। भाजपा के विभिन्न कार्यालयों में कार्यकर्ता का उत्साह देखा जा सकता है। भाजपा के लखनऊ स्थिति कार्यालय पर पीएम मोदी के कटआउट के साथ कार्यकर्ताओं ने अभी से जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
11:43 AM, 10 March 2022
चौथा चरण : शाहजहांपुर की 06 में से 04 सीटों पर भाजपा को बढ़त
शाहजहांपुर कटरा विधानसभा सीट पर भाजपा के विक्रम सिंह, सपा प्रत्याशी राजेश यादव से आगे हैं। पुवायां सीट पर भाजपा के चेतराम, सपा उम्मीदवार उपेंद्र पाल सिंह से आगे हैं। शाहजहांपुर शहरी सीट पर भाजपा प्रत्याशी व मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सपा प्रत्याशी तनवीर खान से आगे हैं। ददरौल सीट पर भाजपा के मानवेंद्र सिंह, सपा के राजेश वर्मा से आगे चल रहे हैं। जलालाबाद सीट पर सपा के नीरज मौर्य, भाजपा के हरिप्रकाश वर्मा से आगे चल रहे हैं। तिलहर में भी सपा प्रत्याशी रोशन लाल वर्मा, भाजपा के सलोना कुशवाहा से हैं।
11:31 AM, 10 March 2022
वाराणसी पिंडरा सीट पर जीत दोहराने की ओर भाजपा
वाराणसी पिंडरा सीट पर 09 चरण की मतगणना हो चुकी है। अब तक रुझानों में इस सीट पर भाजपा एक बार फिर जीत दोहराने की ओर बढ़ रही है। इस सीट पर मौजूदा विधायक डा. अवधेश 11,000 मतों से आगे चल रहे हैं। वाराणसी पिंडरा सीट से पांच बार विधायक रहे कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री अजय राय तीसरे नंबर पर हैं।
1. अवधेश सिंह – भाजपा – 26328
2. बाबूलाल – बसपा – 15616
3. अजय राय – कांग्रेस – 1359
11:25 AM, 10 March 2022
भाजपा का गढ़ रही है वाराणसी शहर दक्षिण सीट
वाराणसी शहर दक्षिण सीट पर हमेशा से भाजपा का दबदबा रहा है। हर बार के चुनाव में इस सीट पर भाजपा को एक तरफा जीत मिलती रही है। इस सीट पर नौ बार भाजपा से श्यामदेव राय चौधरी दादा विधायक बने। पूर्व के चुनावों में दूसरे नंबर पर कांग्रेस के डा. दयाशंकर मिश्र दयालु रहते थे, जो इस बार भाजपा में ही हैं।
11:23 AM, 10 March 2022
वाराणसी शहर दक्षिणी से मंत्री डा. नीलकंठ पीछे
वाराणसी शहर दक्षिणी से सपा प्रत्याशी किशन दीक्षित ने पहले चक्र में 5454 मतों से बढ़त बनाई है। उनको अब तक कुल 7124 मत मिले हैं। इस सीट पर यूपी के मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी दूसरे स्थान पर हैं। उनको 1670 मत मिले हैं। तीसरे नंबर पर कांग्रेस की मुदिता कपूर हैं जिनको मात्र 95 मत मिले हैं।
11:17 AM, 10 March 2022
फर्रूखाबाद से भाजपा प्रत्याशी आगे
छठवें चरण की मतगणना तक फर्रुखाबाद की भोजपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के नागेंद्र सिंह राठौर, 5688 मतों से आगे चल रहे हैं। नागेंद्र सिंह को अब तक कुल 21791 मत मिल चुके हैं। यहां सपा के अरशद जमाल सिद्दीकी 16103 मत पाकर दूसरे नंबर पर हैं।
11:11 AM, 10 March 2022
ऊंचाहार में भाजपा तीसरे नंबर पर
अभी तक के रुझानों में ऊंचाहार में सपा प्रत्याशी मनोज कुमार पांडेय सबसे आगे चल रहे हैं। बसपा उम्मीदवार अंजली मौर्य दूसरे नंबर पर। वहीं भाजपा के अमरपाल मौर्य यहां तीसरे स्थान पर हैं।
11:10 AM, 10 March 2022
रायबरेली में भाजपा प्रत्याशी अदिति सिंह आगे
चार चरण की मतगणना के बाद रायबरेली में भाजपा की अदिति सिंह, सपा के आरपी यादव से आगे चल रहीं हैं। वहीं बछरावां में बीजेपी-अपना दल गठबंधन के प्रत्याशी लक्ष्मीकांत आगे हैं। बछरांवा में सपा प्रत्याशी श्याम सुंदर भारती दूसरे नंबर पर।
11:04 AM, 10 March 2022
सुरेश खन्ना 3000 वोटो से आगे
शाहजहांपुर नगर सीट से भाजपा के सुरेश खन्ना 3000 वोटों से आगे चल रहे। कुशीनगर के पडरौना से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल ने भी बढ़त बनाई है।
11:02 AM, 10 March 2022
दो राउंड के बाद केशव प्रसाद मौर्य पीछे
कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दो राउंड के बाद 455 मतों से पीछे हो गए हैं। उन्हें अब तक 6189 वोट मिले हैं, जबकि सपा प्रत्याशी पल्लवी पटेल को 6644 मत प्राप्त हुए हैं। दूसरे राउंड तक केशव प्रसाद मौर्य आगे चल रहे थे। यहां मुकाबला कांटे का नजर आ रहा है।
10:58 AM, 10 March 2022
मुख्तार अंसारी का बेटा मऊ में पीछे
मऊ सदर से सुहेलदेव भारती समाज पार्टी का प्रत्याशी अब्बास अंसारी पीछे चल रहा है। अब्बास अंसारी बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे हैं। अब्बास का यह दूसरा विधानसभा चुनाव है। भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह यहां से आगे हैं। मुख्तार के बड़े भाई का बेटा सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू गाजीपुर में सपा प्रत्याशी के तौर पर बढ़त बनाए हुए है।
10:53 AM, 10 March 2022
भाजपा-सपा के बीच मुख्य मुकाबला
उत्तर प्रदेश विधानसभा की मतगणना हमेशा की तरह पोस्टल बैलट से शुरू हुई। पोस्टल बैलट की गिनती से लेकर अब तक के रुझानों में यूपी के राजनीतिक रण का मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच नजर आ रहा है। वहीं बसपा व कांग्रेस समेत अन्य दल अभी तक के रुझानों में काफी पीछे नजर आ रहे हैं।
10:50 AM, 10 March 2022
केशव मौर्य सिराथू सीट से आगे
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। वहीं बलिया के फेफना से मंत्री उपेंद्र तिवारी ने बढ़त बनाई हुई है।
10:49 AM, 10 March 2022
गोरखपुर से योगी आदित्यनाथ आगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर विधानसभा सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। अभी तक के रुझानों में वह 16 हजार से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं। मतगणना शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर गए और भगवान के दर्शन किये।
