रुपये से भरी तिजोरी ले जाने वाला चोर हरदोई से गिरफ्तार

कानपुर के गोविदनगर में मिठाई की दुकान से करीब पांच लाख रुपये से भरी 40 किलो वजन की तिजोरी उठाकर ले जाने वाले चोर को पुलिस ने हरदोई से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसकी निशानदेही पर तिजोरी बरामद करने करने के प्रयास में जुटी है। आरोपित ने 150 से अधिक चोरी की वारदातों को स्वीकार किया है।

गोविदनगर डी-ब्लाक निवासी मालिक मिश्रा के घर के भूतल पर मिठाई की दुकान है। उनका परिवार पहली मंजिल पर रहता है। चार मार्च की रात शटर के ताले तोड़कर घुसा चोर लाक न खोल पाने पर तिजोरी ही उठा ले गया था। उसमें करीब पांच लाख रुपये और जरूरी कागजात थे। मालिक मिश्रा ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि सीसी कैमरे में चोर की फुटेज मिली थी। उसी रोड पर लगे अन्य सीसी कैमरे खंगाले गए तो दिखा कि चोर कार लेकर आया था। उसने कार कुछ दूरी पर खड़ी की थी। वह तिजोरी लेकर दुकान से बाहर निकला। काफी देर तक बाहर दुकान के पास तिजोरी रखकर मौका तलाशता रहा। राहगीरों का आवागमन कम होने पर वह कार लेकर दुकान के आगे आया और तिजोरी उसमें रखकर निकल गया।

कार का नंबर मिलने पर हुई पहचान

थाना प्रभारी ने बताया कि चोर की कार के नंबर की जानकारी निकालने पर वाहन स्वामी नौबस्ता के मछरिया राजीव नगर निवासी मोहम्मद विक्की निकला। पुलिस की दबिश में वह नहीं मिला, लेकिन उसका मोबाइल नंबर मिल गया। सर्विलांस की मदद से ट्रेस कर पुलिस ने आरोपित को हरदोई से दबोच लिया। वह अपनी ससुराल में छिपा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *