पुखरायां l आरपीएफ शनिवार की रात कोतवाली के चौरा गांव के पास से छह से अधिक संदिग्ध लोगों को पकड़कर ले गई है। इन पर रेलवे का सामान चोरी करने का शक है, पुलिस पूछताछ कर रही है।
कोतवाली के चौरा गांव के पास शनिवार देररात कुछ लोग एक मकान के बाहर बैठे हुए थे,तभी सादे कपड़ों में पहुंची आरपीएफ पुलिस ने वहां बैठे छह से अधिक लोगों को पकड़ लिया और आरपीएफ चौकी पुखरायां ले गई। वहां से किसी अन्य स्थान पर ले जाकर पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। पकड़े लोगो में चौरा व बील्हापुर गांव के लोग शामिल है। आरपीएफ चौकी पुखरायां के एएसआइ रामकिशोर सिंह ने बताया कि रेलवे का सामान चोरी करने वाले छह से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही चोरी किए गए माल की बरामदगी कर पूरे गिरोह का राजफाश किया जाएगा।
