होली आने में अभी चार दिन शेष हैं और मार्च का आधा महीना भी नहीं बीता है लेकिन सूर्यदेव अभी से आंखें तरेरने लगे हैं. सोमवार को सूर्यदेव के तल्ख तेवरों की वजह से लोग गर्मी से परेशान देखे गए. अधिकतम तापमान भी 34 डिग्री सेल्सियस को छूने को बेताब दिखा.
फाल्गुन के महीने में सूर्यदेव के तल्ख तेवरों ने इस बात का इशारा कर दिया है कि इस बार गर्मी भी नए रिकॉर्ड कायम कर सकती है. अभी तक रात और सुबह के समय पड़ रही गुलाबी ठंड भी पूरी तरह से गायब दिखी. गर्मी के इन तेवरों से कई लोगों ने घरों और कार्यालयों में पंखों को आन कर दिया है. सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा. यह सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है. इसी तरह न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 16.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. यह भी सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा रहा. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मौसम में बदलाव की उम्मीद है. आने वाले दिनों में पारा और चढ़ सकता है.
गर्मी के तेवरों के साथ इसका असर गंगा के बहाव पर भी दिख रहा है. फाल्गुन के महीने में ही गंगा का बहाव सिकुड़ता जा रहा है. गंगा बैराज की तरफ से आने वाला बहाव सिकुड़ने के साथ अब पतली धार में तब्दील होता जा रहा है. पानी कम होने की वजह से चारों तरफ बालू ही बालू नजर आने लगी हैl
2022-03-14
