कानपुर-झांसी हाइवे पर ट्रक ने कार में मारी टक्कर, दो लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
Thu, 17 Mar 2022
उरई शहर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बड़ागांव के पास एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। कार में चार लोग सवार थे। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाने वाले राहुल सिंह पुत्र नरेश सिंह निवासी ग्राम मोहटी थाना करहल जनपद मैनपुरी अपने साथियों बृजवीर सिंह पुत्र सरनाम सिंह यादव निवासी बड़ा हाउस आगरा बाईपास मैनपुरी, विश्वेंद्र सिंह उर्फ भूरे पुत्र स्वर्गीय शिवपाल सिंह यादव निवासी चंद्रपुरा थाना ऊसराहार इटावा और राजकुमार पुत्र श्रीकृष्ण निवासी नगला मदारी थाना करहल मैनपुरी के साथ अपनी गाडिय़ों को चेक करने के लिए भोपाल कार से गया हुआ था। बुधवार की देर रात कानपुर झांसी नेशनल हाईवे बडग़ांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।
जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें फंसकर गाड़ी चला रहे बृजवीर सिंह व आगे की सीट पर बैठे विश्वेंद्र सिंह उर्फ भूरे की मौके पर ही मौत हो गई, पीछे की तरफ बैठे राजकुमार और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा। ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
