कानपुर के महाराजपुर में गंगा नदी में डूबी किशोरी का शव मिला

कानपुर के महाराजपुर में गंगा नदी में डूबी किशोरी का शव मिला, दो युवक अभी भी लापता
Sat, 19 Mar 2022
कानपुर के महाराजपुर में गंगा में डूबी किशोरी का शव मिल गया है। जबकि नदी में डूबे युवकों की तलाश अभी भी की जा रही है। हादसे के बाद गंगा के तट पर पहुंचे स्वजन बेहोश होकर गिर गए। वहीं मौत को मात देकर कुमकुम, अरविंद और पड़ोसी शिवा हादसे को बयां करते रहे। थानाप्रभारी सतीश राठौर मौके पी पहुंचकर पीडि़तों से जानकारी लेते रहे।

महाराजपुर में नागापुर के मजरा नयाखेड़ा में शनिवार सुबह गंगा नहाने गए दो युवक व एक किशोरी डूब गए, जबकि तीन अन्य को ग्रामीणों ने निकाल लिया। नयाखेड़ा निवासी रतीराम रैदास का 25 वर्षीय बेटा श्यामसुंदर, सीताराम रैदास का 26 वर्षीय बेटा दिनेश, जयकरन रैदास की 11 वर्षीय बेटी साक्षी, गांव के 15 वर्षीय कुमकुम, 10 वर्षीय अरविंद व 11 वर्षीय शिवा एक साथ शनिवार सुबह गंगा नहाने गए थे। इस दौरान गहराई में जाने से सभी डूबने लगे।

कुमकुम ने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई तो नदी किनारे सब्जी की खेती करने वाले किसान दौड़ पड़े। किसानों ने कुमकुम, शिवा और अरविंद को कड़ी मसक्कत के बाद बाहर निकाल लिया लेकिन दिनेश, श्याम सुंदर और साक्षी गंगा में डूब गए। घटना के बाद ग्रामीण ने नाव व जाल से खोजबीन शुरू की लेकिन तीनों का पता नहीं चल पाया। मौके पर पहुंचे महाराजपुर थाना प्रभारी सतीश राठौर ने गोताखोरों की मदद से तीनों की तलाश शुरू कराई है।

परिवार में मचा कोहराम : घटना की जानकारी के बाद डूबने वाले युवकों और किशोरी के घर में कोहराम मच गया है। पूरा गांव गंगा नदी के किनारे पहुंच गया है और नदी में उनकी तलाश में मदद में जुटा है। जाल डालने के साथ गोताखोर भी गंगा नदी में तलाश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *