उन्नाव : भाजपा व सपा समर्थकों के बीच चले लाठी-डंडे, दो दर्जन पर रिपोर्ट दर्ज, पांच हिरासत में
Sat, 19 Mar 2022
उन्नाव में शुक्रवार देर रात पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गांव चमियानी में भाजपा व सपा समर्थकों में जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। जिसमें भाजपा जिलामंत्री के भाई व ब्लाक प्रमुख के बेटे समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
भाजपा के जिलामंत्री डा. रजनीश वर्मा के भाई अरविंद उर्फ मुन्ना बजाज ने बताया कि उनके घर पर होली मिलन समारोह चल रहा था। जिसमें काफी लोग मौजूद थे। तभी अंगनुआ खेड़ा निवासी सपा नेता व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र पटेल, राजेंद्र पटेल, पीयूष व सरोज अपने समर्थक पूर्व ब्लाक प्रमुख पति शिवकरन, रामकरन, अभिषेक, ब्रजेंद्र, दयाशंकर, आकाश, अरुण व अजय पटेल के साथ दर्जन भर वाहनों से वहां आए और गाली- गलौज करने लगे। विरोध किया गया तो जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर फायर कर दिया। हालांकि फायर मिस होने से उनकी जान बच गई। इसके बाद उन लोगों ने उसके सिर पर चाकू मारकर उसे मरणासन्न कर दिया। बचाने दौड़े ब्लाक प्रमुख सतीश चौधरी के बेटे कपिल को भी गालियां देते हुए पीट दिया।
हमलावरों ने विनीत व अंकित सिंह को भी पीटकर मरणासन्न कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पांच को हिरासत में लिया है। वहीं दूसरे पक्ष से पूर्व विधायक उदयराज यादव कोतवाली पहुंचे और मामला दोनों पक्षों में मारपीट का बता सपा कार्य कर्ताओं की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। जिस पर सीओ पंकज सिंह ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया।
प्रधान पक्ष की ओर से श्रीकांत ने दूसरे पक्ष के एक दर्जन लोगों पर मारपीट सहित अन्य आरोप लगा शिकायत की है। पुलिस ने हमलावर पक्ष के सुरेंद्र पटेल, राजेंद्र, अरुण कुमार, अजय सिंह व अभिषेक को हिरासत में लिया है। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि चमियानी में ग्राम प्रधान पक्ष द्वारा मारपीट में घायल छह लोगों को जिला अस्पताल भेजते हुए उसकी तहरीर पर दो दर्जन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर पांच को पकड़ा गया है। हमलावर पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।
