कानपुर देहात में पुलिस पर हमले में 177 पर मुकदमा दर्ज

कानपुर देहात में पुलिस पर हमले में 177 पर मुकदमा दर्ज, एक आरोपित तमंचे के साथ गिरफ्तार
Mon, 21 Mar 2022
कानपुर देहात में रूरा थाना क्षेत्र के भौंरा गांव के मजरा गुलाब पुरवा बंजारन डेरा में झगड़ा निपटाने पहुंचे सिपाहियों पर हमले के मामले में 27 नामजद व 150 अज्ञात समेत 177 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा व सेवन क्रिमिनल ला एमेंडमेंट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया है। वहीं, कानपुर रेंज के आइजी प्रशांत कुमार ने रूरा थाने में हलका उपनिरीक्षक व सिपाहियों से अलग-अलग बात की। गांव में बुजुर्ग पूर्व प्रधान को गाड़ी में बैठाने की बात सामने आने पर नाराजगी जताई। साथ ही बुद्धिमानी से काम लेने की नसीहत दी।

मुरलीपुर, सिमरामऊ, अपौना व भौंरा गांव के कुछ युवक गुलाब पुरवा बंजारन डेरा के आसपास सेना भर्ती में तैयारी के लिए सड़क में दौड़ लगाते हैं। होली पर किसी बात को लेकर दौड़ लगाने वाले लड़कों ने गुलाब पुरवा बंजारन डेरा के लोगों से मारपीट की थी। इसी बात को लेकर रविवार रात मामला बढऩे पर पुलिस गांव पहुंची थी। गुलाब पुरवा बंजारन डेरा के पूर्व प्रधान जिलेदार को गाड़ी में बैठाने लगी थी, तभी भड़की भीड़ ने लाठी- डंडों से हमला बोलने के साथ पथराव कर दिया था। इसमें पवन मोबाइल के सिपाही मोहित तिवारी व इंसाद खां घायल हो गए थे। मामले में एसआइ कुलदीप तोमर ने गांव के बलबीर, वकील, कैलाश, श्रीपाल, मुखिया, कप्तान, जितेंद्र, राम शंकर, गोलू, कल्लू, प्रीतम, प्रमोद, मचला, द्रोपदी, संजीत, मंजीत, हरी सिंह, राम सिंह, लड्डू, अमित, कैलाश, राकेश, जिलेदार, राम, रवि, संतोष पाल व रहीस पाल समेत 177 लोगों पर बलवा, सरकारी काम में बाधा, तमंचा से जानलेवा हमला सहित सेवन क्रिमिनल ला एमेंडमेंट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।

उन्होंने बताया, एक आरोपित बलबीर को तमंचा व दो कारतूस के साथ कस्बा इंचार्ज प्रभाकर यादव ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उधर, दोपहर बाद आइजी जोन प्रशांत कुमार ने करीब डेढ़ घंटे तक रूरा थाने में रुककर घायल सिपाही, पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) आरक्षी, हलका एसआइ कुलदीप तोमर व ग्राम प्रधान पति अपौना शशि कांत शुक्ला से अलग-अलग घटना के बाबत जानकारी ली। इस दौरान गुस्साई भीड़ पर बुद्धिमानी से नियंत्रण करने के बजाय बुजुर्ग जिलेदार को गाड़ी में बैठाने पर नाराजगी जताई। आइजी ने घटना में नामजद लोगों के मामले में गंभीरता से छानबीन कर निर्दोषों पर रियायत बरतने को कहा। इस दौरान एसपी स्वप्निल ममगाई, एएसपी घनश्याम चौरसिया मौजूद रहे।

किसी भी निर्दोष पर नहीं होगी कार्रवाई, पुलिस का करें सहयोग

भौंरा गांव के मजरा गुलाबपुरवा बंजारन डेरा गांव में विवाद के बाद तनाव को लेकर सोमवार को एसडीएम रसूलाबाद व सीओ सदर ने गांव के लोगो के संग बैठक कर जिम्मेदार लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उपद्रवियों को सबक देने के लिए कानून की मदद करने की अपील की और किसी भी निर्दोष को घटना में न फंसाए जाने का आश्वासन दिया।

एसडीएम रसूलाबाद जितेंद्र सिंह ने विद्यालय परिसर में ग्रामीणों व महिलाओं के साथ बैठक की। गांव के लोगों ने आप बीती सुनाकर पुलिस पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय निर्दोष लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी के कारण घटना हुई है। सीओ सदर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कोई परेशान न हो मामले की जांच की जा रही है जो निर्दोष होंगे उन्हें कतई परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन जिन्होंने उपद्रव किया है उन्हें कतई माफ नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से भयभीत होकर घर से भागने के बजाए घर में ही रहने व पुलिस जांच में सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर प्रधान भाई अनिल कुमार पांडेय के अलावा बनवारी सिंह, सुजान सिंह, हरनाथसिंह के अलावा गांव की महिलाएं मौजूद रहीं।

पुलिस कार्रवाई के डर से गांव में पसरा सन्नाटा

सिपाहियों पर हमले के बाद गिरफ्तारी के लिए कई थानों की पुलिस लगी है। रविवार देररात तक पुलिस गांव में ही बनी रही और दबिश देती रही। वहीं पुलिस कार्रवाई के डर से पुरुष नदारद हो गए हैं और घरों में केवल महिलाएं व बच्चे ही बचे हैं। पूरे गांव में सड़कों पर सन्नाटा पसरा है।

गांव वालों की चहलकदमी से गुलजार रहने वाली गांव की गलियां सन्नाटे में पसरी पड़ी है। घरों के दरवाजे महिलाएं व बच्चे सड़क की तरफ टकटकी लगाए निहार रहे है कि कहीं पुलिस तो नहीं आ रही है। गांव में घुसते ही गांव की उषा नायक ने बताया कि उसके पति यहां नहीं हैं और बुजुर्ग सास व बच्चों के साथ घर में थी तभी पुलिस आ गई। दहशत में पूरी रात बच्चों समेत भूखे प्यासे बैठकर रात गुजारी है। वहीं पुलिस टीमें भी दबिश को आ रहीं तो लोग सहम जा रहे हैं लोगों का कहना है कि कुछ लोगों की नादानी से गांव में ऐसा माहौल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *