दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर मालगाड़ी के ब्रेक-शू में लगी आग, 50 मिनट तक खड़ी रही गाड़ी, आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित
Mon, 21 Mar 2022
दिल्ली-हावड़ा अप ट्रैक पर कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी के एक वैगन के ब्रेक-शू में आग लग गई। गेटमैन ने गार्ड को लाल सिग्नल दिखाकर ट्रेन को बीच ट्रैक पर रुकवाया। अप ट्रैक पर मालगाड़ी 50 मिनट तक खड़ी रही। रेलवे की तकनीकी टीम के आग बुझाने के बाद मालगाड़ी को 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भरथना रेलवे स्टेशन लाकर प्रभावित वैगन को अलग किया गया। इसके बाद मालगाड़ी रवाना की गई। इस दौरान पीछे से आ रही करीब आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित रहीं।
साम्हो और भरथना रेलवे स्टेशन के बीच अप लाइन पर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी ने गेट संख्या 19 को पार किया, तभी गेटमैन प्रमोद कुमार ने वैगन के ब्रेक-शू से आग की लपटें निकलती देखीं। उन्होंने मालगाड़ी के गार्ड को लाल सिग्नल दिखाया। गार्ड ने मालगाड़ी को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका। लोको पायलट ने सूचना भरथना रेलवे स्टेशन मास्टर सहित टूंडला स्थित कंट्रोल रूम को दी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अप लाइन पर फरक्का एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस व डाउन लाइन पर मरुधर एक्सप्रेस, अजमेर सियालदाह एक्सप्रेस आदि ट्रेनें प्रभावित हुईं।
