बोर्ड परीक्षा के दो दिन शेष, पांच विद्यालयों ने अभी तक नहीं लिए प्रवेश पत्र
Mon, 21 Mar 2022
कानपुर देहात में यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू होने में दो दिन ही शेष बचे हैं और जिले के 327 विद्यालयों में 322 ने प्रवेश पत्र प्राप्त कर लिया है जबकि एक एडेड के अलावा चार वित्तविहीन विद्यालयों ने अभी तक प्रवेश पत्र लेना उचित नहीं समझा है। परीक्षार्थियों के भविष्य के साथ लापरवाही बरतने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने नाराजगी व्यक्त की है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से शुरू हो रही हैं परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को 327 विद्यालयों के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिए थे। समय से प्रवेश पत्र उपलब्ध कराने के लिए सभी को सूचना देने के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक अरबिद कुमार द्विवेदी ने तत्काल वितरण भी शुरू करा दिया था। अब तक 322 विद्यालयों ने प्रवेश पत्र प्राप्त कर लिया है जबकि एडेड विद्यालय श्री स्वामी रघुनंदन स्वरूप हायर सेकेंड्री स्कूल शोभन के अलावा वित्तविहीन के आदर्श इंटर कालेज बसौसी, श्रुति विद्या पीठ हायर सेकेंड्री विद्यालय अकबरपुर, श्री गजराज सिंह हायर सेकेंड्री विद्यालय पकरा व मनोज कुमार बालिका हायर सेकेंड्री स्कूल सबलपुर ने अभी तक प्रवेश पत्र प्राप्त नहीं किया है जबकि परीक्षा शुरू होने में दो दिन ही शेष बचे हैं। समय से प्रवेश पत्र न मिलने से छात्र- छात्राएं परीक्षा कैसे दे सकेंगे। होली की छुट्टी के दिनों के अलावा सोमवार को भी प्रवेश पत्रों का वितरण किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक अरबिद कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षार्थियों के साथ लापरवाही बरतना गलत है उनके भविष्य को देखते हुए एक बार फिर से फोन कराकर प्रवेश पत्र लेने के लिए बुलाएंगे।
