नकलविहीन यूपी बोर्ड परीक्षा कराने के डीएम ने दिए निर्देश

Tue, 22 Mar 2022
कानपुर देहात में 24 मार्च से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की परीक्षा को नकल विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश डीएम ने कलेक्ट्रेट में बैठक के दौरान दिए। उन्होंने जिले को दो सुपर जोन, छह जोन व 12 सेक्टरों में बांटा है। सभी 89 परीक्षा केन्द्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है।

परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन और शुचिता के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश डीएम ने जितेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट में बैठक के दौरान दिए हैं।उन्होंने सेक्टर, जोनल, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक व अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक अरबिद कुमार द्विवेदी से तैयारियों की जानकारी ली। 24 मार्च से 12 अप्रैल तक चलने वाली बोर्ड परीक्षा में करीब 50 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। 89 परीक्षा केंद्रों की परीक्षा को व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए दो सुपर जोन, छह जोन व 12 सेक्टरों में बांटा है। सभी केंद्रों पर डबल लाक अलमारी में प्रश्न पत्रों आदि को रखवाए जाने की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा लगे होने और इनकी मानीटरिग कार्यालय से एलईडी स्क्रीन के माध्यम करने की व्यवस्था बताई। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस फोर्स और त्रिस्तरीय सचल दल की व्यवस्था समझाई। डीएम ने केंद्रों की साफ-सफाई के साथ बच्चों को पीने के पानी की व्यवस्था पर जोर दिया। साथ ही पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था के निर्देश दिए। प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करें कि परीक्षा केन्द्र पर कोई भी छात्र-छात्रा या विद्यालय प्रबन्धन परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का कतई प्रयोग न कर सके। इस अवसर पर एएसपी घनश्याम चौरसिया, एडीएम प्रशासन गरिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व जगदंबा प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *