दो आरोपितों को पकड़ा, गांव में पुलिस तैनात

रूरा थाना क्षेत्र के भौंरा गांव के मजरा गुलाब पुरवा बंजारन डेरा में तीसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। वहीं एहतियात के तौर पर क्यूआरटी तैनात की गई है जो गांव की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। वहीं रूरा पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ा है। एक के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है।

रूरा में रविवार रात को दो गांव के युवाओं का बंजारन डेरा के युवकों से विवाद हो गया था। इसमें पहुंचे दो सिपाहियों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया था। मामले में 177 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिसिया कार्रवाई के सख्त होते ही गांव के पुरुष व युवा भूमिगत हो गए हैं। पुलिस हमलावरों को दबोचने के लिए आसपास के बंजारन डेरा के अलावा रातभर शिवली, गहिरा व बनीपारा में जाल बिछाया लेकिन खासी सफलता नहीं मिल सकी है। वहीं कारीकलवारी के पास नामजद कुंदन के पुत्र अमित को 312 बोर तमंचा व एक कारतूस समेत गिरफ्तार कर जेल भेजा है। घटना को लेकर गांव की गलियां सन्नाटे में रह रही है उधर तनाव को लेकर गांव के विद्यालय में क्यूआरटी तैनात की गई है जो गांव की गलियों में क्रमवार भ्रमण कर ग्रामीणों की हर गतिविधियों पर नजर रख रही। रूरा थानाध्यक्ष अनूप कुमार निगम ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस बल उनके रिश्तेदारों, परिचितों के अलावा मोबाइल लोकेशन से दबोचने के लिए लगी हुई है उधर देर शाम को मंजीत नाम का एक और आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उससे पूछताछ जारी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही सभी हमला वर आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *