शिवली थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर दो गांवों हुई मारपीट की घटनाओं में तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
फत्तेपुर गांव निवासी राजाराम ने बताया कि उसका पुत्र अजय अपनी बड़ी बहन के यहां बारासिरोही कानपुर नगर गया था। सोमवार रात करीब आठ बजे वह वापस घर आ रहा था । जब वह गांव आ गया तो रास्ते में कुछ लोग शराब के नशे में खड़े थे। उन्हें देखकर अजय ने रास्ते से हटने की बात कही तो उन लोगों ने उसका मोबाइल फोन छीन कर तोड़ दिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। किसी तरह अजय उनके चंगुल से छूट कर घर भाग आया तो उसका पीछा करते हुए गांव के शानू तिवारी, जगमोहन कश्यप, सोनू, धर्मेंद्र, नीतू अपने चार अज्ञात साथियों के साथ उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उसे व उसके पुत्र अजय, पुत्री सुधा, संतोषी व पत्नी सावित्री पर लाठी-डंडों से हमला कर सभी को लहूलुहान कर दिया। वहीं दूसरी घटना में हथिका गांव निवासी अजय ने बताया कि वह आइसक्रीम का ठेला लेकर आसपास गांवों में बिक्री करने जाता है। सोमवार को वह अरसद पुर गांव में ठेला लेकर गया था जहां मनोज उसे गाली गलौज करने लगा, इसका विरोध करने पर उसे मारपीट कर घायल कर दिया। शिवली एसएसआइ यतेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं छह नामजद समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
