रसूलाबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने अपनी 10 वर्षीय बेटी से एक विद्यालय के प्रबंधक के छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
एक गांव निवासी एक महिला ने बताया कि 10 मार्च को दिन में उसकी 10 वर्षीय पुत्री माता पिता के लिए कलेवा लेकर खेतों पर गई थी। वहां नल से पानी के लिए वह पास के प्राइवेट विद्यालय में लगे हैंडपंप पर गई थी। आरोप है कि वहां पर टाफी का लालच देकर स्कूल प्रबंधक ने छेड़खानी की। चीखने चिल्लाने पर वह चला गया। बेटी खेत पर आई और पूरी आपबीती सुनाई। महिला ने बताया कि पहले उसने इसकी तहरीर 11 मार्च को नार चौकी में दी थी कितु पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। फिर उसने 17 मार्च को थाने में इसकी तहरीर दी जिसको जांच के लिए नार चौकी इंचार्ज को दे दिया गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कर छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसकी जांच सीओ रसूलाबाद करेंगे। आरोपित ने विद्यालय में फूल तोड़ने पर एक थप्पड़ मारने की बात कही है और छेड़खानी के आरोप को गलत बताया है। जांच की जा रही है।
