कानपुर देहात में यूपी बोर्ड की आज से दो पालियों में 89 केंद्रों पर सख्त माहौल में परीक्षाएं शुरू होंगी। डीएम के निर्देशन में जिला विद्यालय निरीक्षक ने टीम की मदद से सारी तैयारी पूरी कर ली है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट को मिलाकर कुल 49,678 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं परीक्षा केंद्रों में सफाई से लेकर सिटिग प्लान को अंतिम रूप दिया। हाईस्कूल में सुबह हिन्दी व सैन्य विज्ञान व दोपहर बाद इंटर की हिन्दी की परीक्षा होगी।
एक ओर जहां जिला प्रशासन यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन कराने के लिए तैयारियों को पूरा कराने में जुटा रहा। वहीं दूसरी ओर परीक्षार्थी भी परीक्षा को लेकर कई प्रकार के पेन, पेंसिल, कटर, स्टेंशिल (राइटिग पैड) आदि खरीदने के लिए बुक स्टोरों में भीड़ लगाए रहे। आज से जिले के 89 केंद्रों में हाईस्कूल के 26,620 व इंटरमीडिएट के 23,058 परीक्षा देंगे। परीक्षा को पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल और नकल विहीन कराने के लिए डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने दो सुपर जोनल, छह जोनल, 12 सेक्टर व 89 स्टेटिट मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। साथ ही छह सदस्यीय सात सचल दल टीमों का भी गठन किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक अरबिद कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में परीक्षा होगी प्रथम पाली सुबह आठ से 11:15 व दूसरी अपराह्न दो से शाम 5:15 तक चलेंगी। गेट पर सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिल सकेगा। वहीं परीक्षा केंद्रों में केंद्र व्यवस्थापकों ने सफाई के अलावा प्रकाश व्यवस्था और सिटिग प्लान को अंतिम रूप दिया।
आवंटित विद्यालय में तैनात होंगी मूल विद्यालय की शिक्षिकाएं
-जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि छात्राओं को परीक्षा के समय किसी प्रकार की समस्या न हो और जरूरत पड़ने पर अपनी समस्या बता सकें इसको लेकर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जिस विद्यालय की छात्राएं दूसरी जगह परीक्षा देने गई हैं वहां पर मूल विद्यालयों की शिक्षिकाओं को तैनाती दी जा रही है। परीक्षा केंद्र में सारे लोग नए होने के कारण वह अपनी समस्या खुल कर नहीं बता सकेंगी, इसको लेकर नई व्यवस्था की जा रही है। भारत सिंह को उपनियंत्रक की जिम्मेदारी
-अकबरपुर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य भारत सिंह ने बताया कि परीक्षा की तैयारी उनके यहां पूरी कर ली गई है। इसके अतिरिक्त उनके विद्यालय में उत्तर पुस्तिकाओं का संकलन केंद्र भी बनाया गया है जिसका उप नियंत्रक उन्हें व सह उपनियंत्रक महेश दीक्षित, परीक्षा सहायक शैलेंद्र कुमार सिंह, सालिक राम, आनंद स्वरूप शुक्ला व कोठारी विजय कुमार शुक्ल, चंद्रशेखर पांडेय, विपिन कुमार यादव, गौरव मिश्र को बनाया गया है।
