नहाते समय नहर में डूबने से किशोर की मौत

रूरा क्षेत्र के अमौली ठकुरान गांव में नहर नहाते समय डूबकर किशोर की मौत हो गई। वह हाईस्कूल का छात्र था और गुरुवार से परीक्षा होनी थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

अमौली ठकुरान गांव निवासी दिवंगत अशोक सिंह का 17 वर्षीय बड़ा पुत्र रौनक गांव स्थित राम जानकी विद्यालय में स्कूल का छात्र था। बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे गांव के कुछ साथियों संग गांव के बाहर नहर में नहाने के लिए गया था। इस दौरान वह साथियों संग नहाने के लिए नहरपुल से कूदा और गहराई में डूब गया। इस दौरान अन्य लोग तैरते हुए इधर उधर उछल कूद करते रहे लेकिन रौनक को न देख शंका हुई और नहरपुल के आसपास खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चल सका। थोड़ी ही देर में उसका शव वहीं उतराने लगा। घटना को लेकर गांव के पूर्व प्रधान संजू सिंह ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकल वाया। उधर, घटना की जानकारी पर पुत्र की मां सुमन बेहाल हो गई। मां ने बताया कि वह मुंडेरा किन्नर गांव की शिक्षा मित्र हैं। सुबह विद्यालय चली गईं तभी नहाने के दौरान हादसा हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि छात्र हाई स्कूल की परीक्षा की तैयारी कर रहा था व झींझक स्थित कालेज उसका परीक्षा केंद्र था, लेकिन ऐसा हो जाएगा पता नहीं था। रूरा थानाध्यक्ष अनूप कुमार निगम ने बताया कि मामला संज्ञान में लेकर कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *