रसूलाबाद क्षेत्र के सूरजपुर निवासी एक हाईस्कूल के छात्र के हाथ का पंजा चारा काटते समय मशीन में चला गया। इससे वह काफी कट गया जिसके बाद इलाज किया गया। अभिभावकों और ग्रामीणों ने डीआईओएस से ऐसे छात्र के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है जिससे वह बोर्ड परीक्षा दे सके और भविष्य न खराब हो।
सूरजपुर निवासी समाजसेवी विश्वास यादव ने बताया कि उनके गांव के किसान रमेशबाबू का बेटा नितिन बीपीएसपी इंटर कालेज तिस्ती में हाईस्कूल का छात्र है। मंगलवार शाम अपने पिता के साथ मवेशियों के लिए चारा कटवाते समय उसका हाथ चारा मशीन में चला गया। इससे पंजा बुरी तरह से कटकर लहूलुहान हो गया। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया जहां पट्टी व इलाज किया गया। ग्रामीणों और उसके पिता रमेश बाबू ने डीआइओएस से वैकल्पिक व्यवस्था करवा कर उसकी परीक्षा लेने के लिए जाने की मांग की है, जिससे छात्र का वर्ष बेकार न जाए। बीपीएससी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य सपन शुक्ला ने बताया कि तत्कालिक रूप से वैकल्पिक व्यवस्था किया जाना नामुमकिन है। इसके लिए पहले संबंधित छात्र को जिले में डाक्टरी करवा कर उसका प्रमाण डीआईओएस कार्यालय में प्रस्तुत कर अनुमति लेना होता है। यदि छात्र के अभिभावक यह प्रक्रिया पूरी कर लेगा तो उसे सहयोगी लेखक मिल जाएगा।
