आज लगातार दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेकर रिकार्ड बनाएंगे योगी, पाकिस्तान में गिर सकती है इमरान की सरकार 2022-03-25
आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ अपनी दूसरी पारी का आगाज करने जा रहे हैं। आज योगी दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण के साथ ही योगी एक नया रिकार्ड भी बना देंगे जिसमें वह पहले नेता होंगे जिसने यूपी में लगातार दूसरी बार सीएम पद की शपथ ली होगी। बता दें कि इस समारोह में पीएम मोदी समेत कई बड़े नेता शामिल होने वाले हैं और इसमें 80,000 लोगों के आने का अनुमान है।
दूसरी ओर आज पड़ोसी देश पाकिस्तान में इमरान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश होना है। जानकारी के अनुसार इमरान की पार्टी के पास बहुमत का आंकड़ा नहीं है और उसका गिरना लगभग तय है। वहीं पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख राशिद ने भी इसका अंदेशा जता दिया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक अनिश्चितता को खत्म करने के लिए पाक में जल्द चुनावों का ऐलान हो सकता है।
वहीं रूस-यूक्रेन में आज युद्ध का 30वां दिन हैं और रूसी सेना लगातार बमबारी कर रही है। दूसरी ओर नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) ने कल यह साफ कर दिया है कि वह इस युद्ध में सीधे तौर पर शामिल नहीं होगा लेकिन यूक्रेन की मदद करना जारी रखेगा।
08:35 AM, 25 March 2022
चीन को दुर्घटनाग्रस्त विमान का दूसरा ब्लैक बॉक्स मिला
चीन को चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस के विमान से दूसरा ब्लैक बॉक्स आज मिल गया है। बता दें कि विमान सोमवार (21 मार्च) को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उसमें 132 लोग सवार थे।
08:33 AM, 25 March 2022
चीनी विदेश मंत्री वांग यी और जयशंकर की आज मुलाकात
काबुल से दिल्ली पहुंचे चीनी विदेश मंत्री वांग यी आज विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बातचीत करने वाले हैं। दोनों नेताओं में द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। वांग यी के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल से भी मिलने की संभावना है।
08:24 AM, 25 March 2022
चार दिनों में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक दिन के अंतराल के बाद पूरे देश में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 97.81 रुपये प्रति लीटर और और डीजल 89.07 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 84 पैसे बढ़कर 112.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है और 85 पैसे की बढ़ोतरी के बाद डीजल की कीमत 96.70 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
