बाराबंकी की पटाखा फैक्‍ट्री में जोरदार विस्फोट

बाराबंकी की पटाखा फैक्‍ट्री में जोरदार विस्फोट, खेत में काम कर मह‍िला समेत दो की हालत गंभीर
Fri, 25 Mar 2022
बाराबंकी में राम सनेही घाट कोतवाली के धरौली गांव के बाहर स्थापित पटाखा फैक्‍ट्री में शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे विस्फोट हो गया। हादसे में यहां काम कर रही एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पलीता के बारूद में छू जाने से विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और सीएचसी पर दी गई। झुलसे लोगों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है।

घायलों में फतेहगंज के 35 वर्षीय शिवकुमार उर्फ लाली व धरौली की 16 वर्षीय अल्फ़ीशा शामिल हैं। नायब तहसीलदार प्रज्ञा द्विवेदी, सीओ रघुवीर सिंह, कोतवाल अजय त्रिपाठी ने घटना स्थल का जायजा लिया और घायलों का अस्पताल पहुंचकर हाल जाना।

गोदाम में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री : धरौली की जिस फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है उसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई है। निर्मित गोले, अर्द्धनिर्मित गोले, बारूद और अन्य सामग्री रखी है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब इस समय शादी आदि समारोह भी नहीं हो रहे हैं ऐसे में यह विस्फोटक सामग्री किस लिए रखी गई है।

धारूपुर की यादें ताजा : धरौली में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की घटना ने दिसंबर 2018 में धारूपुर में हुए विस्फोट कांड की यादें ताजा कर दी हैं। इसमें दो की मौत होने के साथ ही आधा दर्जन लोग घायल हुए थे। एक सप्ताह तक रह-रहकर विस्फोट होते रहे थे। यहां विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति पड़ोसी जनपदों में भी किए जाने के संकेत मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *