कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत प्रथम कॉरिडोर (आईआईटी-नौबस्ता) के भूमिगत सेक्शन-I (चुन्नीगंज-नयागंज) का निर्माण कार्य तेज़ी के साथ आगे बढ़ रहा है। आज इस सेक्शन के चुन्नीगंज भूमिगत मेट्रो स्टेशन के निर्माण के लिए डायफ़्राम वॉल (D-वॉल) तैयार करने के काम का शुभारंभ हुआ। उक्त सेक्शन के अन्य तीन स्टेशनों; नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा और फूलबाग़-नयागंज मेट्रो स्टेशन पर यह काम पहले से जारी है और आगामी अप्रैल माह के अंत तक नवीन मार्केट और बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशनों पर यह कार्य पूरा होना है।
D-वॉल का काम सबसे पहले नवीन मार्केट मेट्रो स्टेशन पर शुरू हुआ था। इस स्टेशन में 102 D-वॉल पैनल्स लगने हैं, जिनमें से 87 लग चुके हैं। वहीं बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर 100 में 84 और नयागंज मेट्रो स्टेशन पर 107 में से 68 D-वॉल पैनल्स लग चुके हैं।
D-वॉल को मेट्रो स्टेशन की बाउंड्री के रूप में समझा जा सकता है। भूमिगत मेट्रो स्टेशन के निर्माण से पूर्व चारों ओर सुरक्षा घेरे के रूप में इस वॉल का निर्माण किया जाता है। आरसीसी के आयताकार पैनल्स के साथ D-वॉल तैयार की जाती है। कानपुर मेट्रो के भूमिगत सेक्शन-I के मेट्रो स्टेशनों के लिए बनने वाली D-वॉल के एक पैनल की लंबाई लगभग 5 मीटर और चौड़ाई लगभग 800 एमएम है और एक स्टेशन की D-वॉल तैयार करने में औसतन 100 पैनल लगाए जाएँगे। यह वॉल लगभग 21 मीटर गहराई तक मौजूद रहेगी।
2022-03-26
