जाजमऊ में दो साल से खुदे गड्ढ़ को लेकर दे रहे थे धरना

जाजमऊ में दो साल से खुदे गड्ढ़ को लेकर दे रहे थे धरना, गैस रिसाव से बिगड़ी व्यापारी की तबीयत
Sun, 27 Mar 2022
कानपुर में जाजमऊ के सरैयां में दो साल पहले से खुदे पड़े गड्ढे की मरम्मत नहीं होने पर व्यापारियों ने गड्ढे में बैठकर धरना दिया। इस दौरान नाले से गैस रिसाव होने के व्यापारी नेता की हालत खराब हो गई। घटना की जानकारी होने पर उप जिलाधिकारी आकांक्षा गौतम ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को फटकार लगाई।

नमामि गंगे योजना के तहत जल निगम द्वारा नाले की मरम्मत के लिए करीब दो साल पहले खोदाई की जी गई थी। अफसरों की लापरवाही की वजह से इतने समय बीतने के बाद भी मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका। वहीं गड्ढा खुला होने की वजह से आए दिन वाहन सवार गिरकर चुटहिल होते है। करीब दो माह पहले एक खड़खड़ा गड्ढे में गिर गया था। जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। हालांकि गनीमत ये थी कि उसमें किसी को ज्यादा चोट नहीं आई थी। बावजूद इसके अधिकारियों के कान में जूं तक नहीं रेंगी।

अधिकारियों के कार्य से आक्रोशित होकर रविवार को जाजमऊ व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारियों ने गड्ढे में बैठकर प्रदर्शन किया। साथ ही जल निगम व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान गड्ढे के नीचे मौजूद नाले से गैस रिसाव होने के कारण व्यापारी नेता अखलाख अहमद की तबीयत खराब हो गई। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल ले जाया गया।

वहीं घटना की जानकारी होने पर उप जिलाधिकारी आकांक्षा गौतम मौके पर पहुंची। जहां उन्होंने लोगों की समस्या को सुनकर जल निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई। साथ ही जल्द काम समाप्त कर गड्ढे को भरे जाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त किया। साथ ही उन्हें जाजमऊ नई चुंगी के पास स्थित जर्जर सड़क व धंसी सड़क दिखाई। जिस पर उन्होंने जल निगम के अधिका रियों से जल्द ही समस्या का समाधान करने का आदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *