नशेबाज रईसजादे ने दौड़ाई कार, मासूम को मारी टक्कर

नशेबाज रईसजादे ने दौड़ाई कार, मासूम को मारी टक्कर, गुस्साई भीड़ ने चालक को पीटा, तोड़फोड़
Sun, 27 Mar 2022
कानपुर में गुरुदेव चौराहे के पास शारदा नगर क्यू-ब्लॉक में नशेबाज रईसजादे ने रविवार दोपहर सड़क पर कार दौड़ा दी। अनियंत्रित कार ने सड़क पर दो साल के मासूम को टक्कर मार कर भागने का प्रयास किया। इस बीच भीड़ ने कार चालक को पकड़ कर जमकर पीटा।

कार में तोड़फोड़ कर दी। इस बीच मौका पाकर चालक भाग निकला। परिजनों ने बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इलाके में रहने वाले प्राइवेट कर्मी राघवेंद्र सिंह राठौर के अनुसार वह घर के बाहर खड़े थे। तभी उनका दो साल का बेटा लड्डू भी उनके पीछे आ गया।
वह कुछ समझ पाते कि बच्चा घर के सामने से निकली रोड की तरफ बढ़ गया। तभी नौ नंबर क्रासिंग की ओर आ रही तेज रफ्तार हांडा एसेंट कार ने बच्चे को उड़ा दिया। टक्कर से बच्चा उछल कर करीब पांच फीट दूर गिरा, जिससे उसके चेहरे, हाथ, पैर में गंभीर चोट आ गईं।

यह देख गुस्साई भीड़ ने भाग रही कार को कुछ दूरी पर दौड़ा कर रोक लिया। प्रत्याक्षदर्शियों के अनुसार चालक नशे में था और मौका मिलते ही कार छोड़ भाग निकला। इससे आक्रोशित लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है।

कार से शराब की दो खाली बोतलें मिलीं। वहीं, डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर बताई है। थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे के अनुसार घटना की तहरीर मिलने पर दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। कार सुनील कुमार अग्रवाल के नाम पंजीकृत बताई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *