कानपुर देहात में शिवली क्षेत्र के अरशदपुर गांव में विवाहिता की मौत के बाद शव को चिता पर जलाकर फरार हुए ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुटी है।
ग्राम रतनवां पडरौना जिला कुशीनगर निवासी रामप्रीत की पत्नी सुनरा ने बताया की उसने अपनी 22 वर्षीय पुत्री शिवानी की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व अरशदपुर गांव निवासी जीतू उर्फ नंदराम के साथ की थी । शादी के कुछ दिन बाद से ही उसका दामाद जीतू उर्फ नंदराम व उसकी पुत्री के देवर मनीष मदनु व रजनी आए दिन अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसकी पुत्री को प्रताडि़त करने लगे थे । अतिरिक्त दहेज में 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे । मांग पूरी ना होने पर ससुरालीजन उसकी पुत्री को जलाकर मार डालने की धमकी दी गई थी।
26 मार्च को गांव के किसी व्यक्ति के उसके पुत्र आकाश को फोन करके सूचना दी गई कि तुम्हारी बहन शिवानी के ससुरालीजन ने उसकी हत्या कर शव को जला दिया है। जब वह अपनी पुत्री की ससुराल अरशदपुर गांव पहुंची तो पता चला कि उसकी पुत्री के ससुरालीजन व पति सभी गायब हो गए थे। खेत में ही शव को जलाया गया था। शिवली कोतवाल मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।
