कानपुर में प्रेमिका से फोन पर हुए झगड़े के बाद युवक ने फांसी लगा ली। प्रेमिका ने अनहोनी की आशंका जताकर घर वालों को फोन किया तो उसका शव घर से कुछ दूर पेड़ के सहारे फंदे से लटकता मिला। रावतपुर गांव के केशव नगर निवासी ओमप्रकाश गुप्ता (19) ई-कॉमर्स कंपनी में नौकरी करता था।
बड़े भाई हर्ष ने बताया कि रविवार रात खाना खाने के बाद वह टहलने की बात बोलकर घर से निकला था। काफी देर तक नहीं लौटा तो चिंता होने लगी। देर रात एक युवती ने घर के नंबर पर कॉल कर ओमप्रकाश को केंद्रीय विद्यालय के पास जाकर देखने की बात कही। वे लोग मौके पर पहुंचे तो उसका शव लटका मिला। भाई के अनुसार देर रात ओमप्रकाश की उसकी प्रेमिका से चैटिंग हुई थी। किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद उसने फोन बंद कर फांसी लगा ली। अर्मापुर पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।

