कानपुर में भूमाफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी

कानपुर में भूमाफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी, रिपोर्ट दर्ज होेने के साथ अवैध कब्जों पर चलेगा बुलडोजर
Tue, 29 Mar 2022
कानपुर में एक वर्ष पहले मंडला युक्त डा. राजशेखर ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र में जमीनों के अवैध कब्जों को खाली कराने की मुहिम शुरू की थी, उसके तहत अब भू-माफिया के कच्चे, पक्के निर्माणों पर बुलडोजर गरजेगा। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने स्पष्ट कर दिया है कि पहले चरण में तालाब, चारागाह, पोखर पर कब्जा करने वालों पर बुलडोजर चलेगा। इसमें किसी विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया गया तो उसे भी नहीं छोड़ा जाएगा और उसके खिलाफ भी कार्यवाही होगी।

करीब एक वर्ष पहले मंडलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को अपनी उन सरकारी भूमि को चिह्नित करने के निर्देश दिए थे जिन पर अवैध कब्जे हैं। इसका एक उद्देश्य लैंड बैंक बनाना भी था। करीब छह माह चले अभियान के बाद सभी जिलों में इसकी पूरी सूची तैयार हो गई कि कहां-कहां किस भूमि पर कौन कब्जा किए हुए हैं। अब वह सूची सभी जिलाधिकारियों के पास है।

सोमवार को इसी क्रम में कानपुर नगर की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने चारों उप जिलाधिकारी, सभी अपर नगर मजिस्ट्रेट के साथ बैठक की। उन्होंने सभी को भूमाफिया के खिलाफ पूरी सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रिपोर्ट दर्ज करा आगे की कार्यवाही भी करने के लिए के लिए कहा।

जिलाधिकारी ने साफ कर दिया कि सबसे पहले ऐसी भूमियों पर अभियान चलाया जाएगा जिन पर कोई विवाद कोर्ट में नहीं है। इसमें भी पहले चरण में सुरक्षित क्षेत्र की भूमि देखी जाएगी। इसमें जिन चारागाह, तालाब, पोखर पर अवैध कब्जे हैं। उन्हें खाली कराया जाएगा। इसमें जो लोग गिरोह बंद होकर संगठित रूप से जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्यवाही होगी। साथ ही जिस विभाग के अधिकारी या कर्मचारी दोषी मिलेंगे, सभी पर कार्यवाही की जाएगी।

-जो भी अवैध रूप से जमीनों पर कब्जा किए हुए हैं, सभी के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सुरक्षित श्रेणी की जमीनों को सबसे पहले कब्जों से छुड़ाया जाएगा। – नेहा शर्मा, जिलाधिकारी, कानपुर नगर।

-अवैध कब्जों को खाली कराने की प्रक्रिया लगातार चलती रहेगी। अलग-अलग तरह के कब्जे पूरे मंडल में मिले हैं, सभी के खिलाफ उनके नियमों के अनुसार कार्यवाही होगी। -डा. राजशेखर, मंडलायुक्त, कानपुर मंडल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *