इस बार मार्च में ही जेठ जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है. सुबह से तल्ख होने वाले सूर्यदेव के तेवर दिनभर चैन नहीं लेने दे रहे हैं. मौसम वैज्ञानिकों ने जैसा अनुमान जताया था, उसी के अनुसार, मार्च में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े तक तकरीबन पहुंच गया. मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा और यह सामान्य से .6 डिग्री सेल्सियस कम रहा. वातावरण में नमी का प्रतिशत भी घटकर 23 तक पहुंच गया. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है।
अभी से यह हाल, बैसाख- जेठ के महीने में क्या होगा
गर्मी के प्रचंड तेवर से लोग हलकान हैं. गला तर करने के लिए लोग शीतल पेय से लेकर पानी का सहारा ले रहे हैं. गर्मी के तेवरों को देखते हुए डॉक्टर भी किसी किस्म की लापरवाही न करने की हिदायत दे रहे हैं. मार्च में जिस तरह की गर्मी पड़ रही है, उसके बाद तो हर शख्स यही कह रहा है कि अभी से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है तो बैसाख और जेठ के महीने में क्या होगा l
2022-03-29
