कानपुर देहात में रवी विपणन वर्ष 2022-23 में गेहूं खरीद को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। सभी केंद्रों पर कांटा, बाट के साथ ही बारदाना पहुंचा दिया गया है। केंद्र प्रभारियों को समय से खरीद करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं अब तक 445 किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए पंजीयन कराया है।
जिले में 57 खरीद केंद्रों को अ
नुमोदन दिया गया है, जिसमें डेरापुर तहसील में सबसे अधिक 15 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं अकबरपुर में सबसे कम पांच केंद्र खोले गए हैं। एक अप्रैल से शुरू हो रही गेहूं खरीद को लेकर विपणन विभाग की ओर से पूरा दिन तैयारी चलती रही। केंद्रों पर कांटा-बाट के साथ ही बारदाना भी पहुंचाया गया। खाद्य विभाग के केंद्रों पर जहां पांच हजार बोरे भेजे गए। वहीं अन्य एजेंसियों के केंद्र पर क्षेत्र की क्षमता अनुरूप 500 से एक हजार बोरे शुरुआती दौर में भेजे गए हैं। खरीद शुरू होने से पूर्व सभी केंद्रों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही बैनर टांगे गए। सिकंदरा तहसील के मानपुर केंद्र पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई। खरीद केंद्र प्रभारी एसएमआई मुवीन अहमद ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार कल शुक्रवार से गेहूं की खरीद शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग 25 हजार क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 57 केंद्रों को अनुमोदन मिला है। सभी केंद्रों पर कांटा-बांट व बारदाना भेज दिया गया है। निर्धारित समय पर खरीद शुरू हो इसके निर्देश प्रभारियों को दिए गए हैं।
तहसीलवार केंद्रों की संख्या
तहसील केंद्र
डेरापुर – 15
भोगनीपुर – 12
रसूलाबाद – 11
मैथा – 7
सिकंदरा – 7
अकबरपुर – 5
