रूरा थाना क्षेत्र के सिमरामऊ गांव में एक बाइक मैकेनिक ने फंदा लगाकर जान दे दी। आरोप है कि एक आटो पार्टस विक्रेता उससे अपनी दुकान से सामान लेने का दबाव बनाता था। उसे मारपीट कर बेइज्जत किया। इससे ही आहत हो उसने जान दी है। पुलिस ने विक्रेता व एक अज्ञात पर आत्म हत्या दुष्प्रेरण का मुकदमा दर्ज किया है।
सिमरामऊ गांव निवासी 38 वर्षीय बाइक मैकेनिक रईस अहमद कहिजरी रसूलाबाद में अपनी दुकान चलाता था। बुधवार देररात उसने घर पर फंदा लगा कर जान दे दी। गुरुवार सुबह शव लटका देखा तो घर वालों के होश उड़ गए। पुलिस पहुंची और पूछताछ की। उसके भाई इरशाद अहमद ने बताया कि भाई बुधवार रात को गुस्से में घर आया था। आरोप है कि सिठमरा निवासी संजीव श्रीवास्तव आटो पार्टस की दुकान रईश के बगल में किए हुए हैं। उनकी दुकान से सामान न खरीदने को लेकर वह रंजिश व खुन्नस मानते थे। इसी बात पर संजीव व उसके एक साथी ने मिलकर बुधवार को रईश को मारपीट कर बेइज्जत किया। इसके अलावा दुकान बंद कर घर लौटने के दौरान रास्ते में घेर कर धमकी देकर भयभीत किया था। इससे वह काफी आहत था और यह कदम उठा लिया। उसकी पत्नी जुलेखा व बच्चे अर्शी, आमनू व अमानत का रो रोकर बुरा हाल हो गया। थानाध्यक्ष अनूप कुमार निगम व पुलिस बल पहुंचा तो घटना को लेकर स्वजन ने नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर संजीव श्रीवास्तव व एक अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।
