कानपुर देहात में इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की निरस्त हुई बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्र सभी केंद्रों से वापस मंगाकर संकलन केंद्र अकबरपुर इंटर कालेज में डीएम की निगरानी में सील कर दिए गए। इसके पहले अन्य आवश्यक कार्रवाई भी पूरी की। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने बोर्ड परीक्षा कंट्रोल रूम व अकबरपुर इंटर कालेज में परीक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए।
शासन की मंशा के अनुरूप जिले में यूपी बोर्ड परीक्षाएं सख्त माहौल में चल रही हैं इसी बीच बुधवार को आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। दूसरी पाली के तहत इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की परीक्षा अपराह्न दो बजे से शुरू होनी थी इसके पहले ही प्रश्नपत्र लीक होने से इसे निरस्त किया गया था। गुरुवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी केंद्रों से निरस्त हुई परीक्षा के प्रश्न पत्र वापस मंगा आवश्यक कार्रवाई के बाद संकलन केंद्र अकबरपुर इंटर कालेज में सुरक्षित रखवाने के साथ सील कराया। इस मौके पर एडीएम प्रशासन गरिमा सिंह, एएसपी घनश्याम चौरसिया, जिला विद्यालय निरीक्षक अरबिद कुमार द्विवेदी, प्रधानाचार्य भारत सिंह, महेश दीक्षित उपस्थित रहे।
स्क्रीन पर संदिग्ध दिखे तो तत्काल दें सूचना
डीएम जेपी सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बनाए गए बोर्ड परीक्षा कंट्रोल रूम की व्यवस्था व सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता परखी। उन्होंने व्यवस्था में लगे कर्म चारियों को निर्देश देते हुए यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन संपन्न कराना है, इसमें कर्मचारी से लेकर अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करें। कर्मचारियों से कहा कि
अपने-अपने टीवी स्क्रीनों पर नजर बनाए रखें, साथ ही जहां कही भी परीक्षा केंद्र में कोई व्यक्ति संदिग्ध दिखायी दे तो तत्काल सूचना संबंधित मजिस्ट्रेट व अधिकारियों को दें, जिससे कि तत्काल कार्रवाई की जा सके। जिला विद्यालय निरीक्षक से संबंधित अधिकारियों के नंबर चस्पा कराने को कहा। कंट्रोल रूम प्रभारी जिला समन्वयक सत्यनारायण कटियार को परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने में कोई लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
